MI vs DC मुकाबले पर बारिश का साया, अगर मैच रद्द हुआ तो कौन प्लेऑफ में पहुंचेगा? | CricTracker Hindi

MI vs DC मुकाबले पर बारिश का साया, अगर मैच रद्द हुआ तो कौन प्लेऑफ में पहुंचेगा?

मुंबई इंडियंस और दिल्ली कैपिटल्स के बीच मैच वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाने वाला है।

Wankhede Stadium (Photo Source: X)
Wankhede Stadium (Photo Source: X)

आईपीएल 2025 में 21 मई के दिन का महामुकाबला मुंबई इंडियंस और दिल्ली कैपिटल्स के बीच खेला जाने वाला है। यह मैच शाम 7ः30 बजे से मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाना है। गुजरात टाइटंस, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और पंजाब किंग्स प्लेऑफ में अपनी जगह पक्की कर चुकी है।

टॉप-4 में बचे आखिरी स्पॉट के लिए अब मुंबई इंडियंस और दिल्ली कैपिटल्स के बीच जंग है। पॉइंट्स टेबल में इस वक्त MI 12 मैचों में 7 जीत और 14 अंकों के साथ चौथे स्थान पर हैं। जबकि DC 13 अंक के साथ पांचवें स्थान पर है।

मुंबई और दिल्ली की किस्मत उनके खुद के हाथों में हैं, प्लेऑफ में जगह सुनिश्चित करने के लिए दोनों को हर हाल में मैच जीतना होगा। लेकिन इस बीच, मुंबई का मौसम दोनों टीमों की चिंता बढ़ा रही है। आइए आपको बताते हैं कि मैच वाले दिन मौसम का हाल कैसा रहने वाला है।

MI vs DC: मैच के दौरान कैसा रहेगा मुंबई का मौसम

AccuWeather के अनुसार, मुंबई इंडियंस और दिल्ली कैपिटल्स के बीच मैच वाले दिन सुबह बारिश होने की 80% संभावना है। शाम के लिए पूर्वानुमान थोड़ा बेहतर है, लेकिन मैदान को तैयार करने के लिए ग्राउंडस्टाफ को कड़ी मेहनत करनी होगी। अगर मैच शुरू भी होता है, तो बीच-बीच में कुछ रुकावटें आ सकती हैं।

अगर बारिश के कारण मैच रद्द हुआ तो क्या होगा?

अगर बारिश के कारण MI और DC के बीच मैच रद्द हो जाता है, तो दोनों टीमें एक-एक अंक साझा करेंगी। MI के 15 अंक हो जाएंगे जबकि DC 14 अंक तक पहुंच जाएगी। अगर मुंबई अपना आखिरी मैच जीतती है, तो वो प्लेऑफ में पहुंच जाएगी, क्योंकि उनके 17 अंक तक हो जाएंगे, और DC अगर अपना आखिरी मैच जीतती है तो केवल 16 अंक तक पहुंच पाएगी।

वहीं, अगर MI आखिरी मैच हार जाती है, तो 15 अंकों पर अटके रह जाएगी, और अगर DC जीतती है, तो वो क्वालीफाई कर जाएगी। अगर दोनों टीमें अपना आखिरी मैच हार जाती हैं, तो MI प्लेऑफ में पहुंचेगी क्योंकि वे DC से एक अंक आगे हैं।

close whatsapp