IPL 2025, SRH vs KKR: केकेआर के खिलाफ हेड-क्लासेन की पार्टनरशिप रहा मुकाबले का टर्निंग पॉइंट
हैदराबाद ने कोलकाता को 110 रन से हराया
अद्यतन - May 25, 2025 11:38 pm

आईपीएल 2025 का 68वां मुकाबला सनराइजर्स हैदराबाद और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला गया, जहां हैदराबाद ने 110 रन से बड़ी जीत हासिल की। इस मुकाबले का टर्निंग पॉइंट ट्रैविस हेड और हेनरिक क्लासेन की पारी रही, जिसकी बदौलत एसआरएच ने एक बड़ा स्कोर बनाया।
पहली बल्लेबाजी करने उतरी हैदराबाद के लिए अभिषेक शर्मा और ट्रैविस हेड ने पहले विकेट के लिए 92 रनों की साझेदारी की। इसके बाद बल्लेबाजी करने आए हेनरिक क्लासेन ने हेड का पूरा साथ दिया और दूसरे विकेट के लिए 83 रनों की साझेदारी करते हुए मोमेंटम बनाए रखा। उन्होंने केकेआर के गेंदबाजों की जमकर क्लास लगाए और तेजी से रन बटोरे। यह साझेदारी ही मैच का टर्निंग पॉइंट साबित हुआ।
यहां जानें मैच का पूरा हाल
मुकाबले की बात करें, तो सनराइजर्स हैदराबाद ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में 3 विकेट के नुकसान पर 278 रन बनाए। हेनरिक क्लासेन ने धमाकेदार पारी खेलते हुए आईपीएल इतिहास का तीसरा सबसे तेज शतक लगाया। उन्होंने 37 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। क्लासेन ने नाबाद 105 रनों की पारी में 7 चौके और 9 छक्के लगाए।
इसके अलावा ट्रैविस हेड ने भी 40 गेंदों में 6 चौके और 6 छक्के की मदद से 76 रनों की पारी खेली। केकेआर की ओर से सुनील नारायण ने 2 विकेट हासिल किए, जबकि वैभव अरोड़ा ने 1 विकेट लिया।
जवाब में 279 रनों के पहाड़ जैसे लक्ष्य का पीछा करने उतरी केकेआर की शुरुआत अच्छी नहीं रही और पावरप्ले में ही दो विकेट गंवा दिए। हालांकि, सुनील नारायण ने पारी संभालने की कोशिश की, लेकिन वह भी 31 रन बनाकर चलते बने। इसके बाद विकेट गिरने का जो सिलसिला शुरू हुआ, वो अंत तक नहीं रुका।
केकेआर की पूरी टीम 18.3 ओवर में 168 रन पर ढेर हो गई और हैदराबाद ने 110 रन से मुकाबला जीत लिया। हर्षित राणा ने सर्वाधिक 34 रनों की पारी खेली। वहीं एसआरएच के लिए जयदेव उनादकट, ईशान मलिंगा और हर्ष दुबे ने 3-3 विकेट हासिल किए।