रिंकू सिंह-प्रिया सरोज की सगाई में जमकर नाचे भुवनेश्वर कुमार, देखें वीडियो
भुवनेश्वर कुमार इस सगाई समारोह में शामिल हुए थे
अद्यतन - जून 10, 2025 2:55 अपराह्न

रिंकू सिंह ने सपा सांसद प्रिया सरोज संग बीते रविवार को लखनऊ के एक फाइव स्टार होटल में सगाई कर ली। इस सगाई समारोह में बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला, यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, भुवनेश्वर कुमार, पीयूष चावला, प्रवीण कुमार समेत कई अन्य क्रिकेटर भी शामिल हुए।
इस बीच एक इंस्टाग्राम यूजर ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा की है, जिसमें समारोह के कुछ खास मोमेंट कैद है। भुवनेश्वर कुमार कपल को नए सफर में आगे बढ़ने के लिए बधाई दिए और फिर वह प्रिया सरोज-रिंकू सिंह के साथ डांस करते हुए नजर आ रहे हैं।
भुवनेश्वर सोशल मीडिया पर उतने सक्रीय नहीं हैं, लेकिन उनके इस अंदाज ने फैन्स का दिल जीत लिया है। वायरल वीडियो काफी पसंद किया जा रहा है।
वीडियो यहां देखें –
सगाई के बाद रिंकू सिंह ने किया पोस्ट
वहीं सगाई के बाद रिंकू सिंह ने भी अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट से एक पोस्ट किया था, जिसमें उन्होंने लिखा, ‘इस दिन का हमें इतने लंबे समय से इंतजार था – लगभग तीन साल-और इंतजार हर पल सार्थक हुआ। सगाई हुई-पूरे दिल से और हमेशा के लिए।’
रिंकू सिंह हाल ही में आईपीएल 2025 में खेलते हुए नजर आए थे। हालांकि, उनका प्रदर्शन टूर्नामेंट में उतना अच्छा नहीं रहा था। उन्होंने केकेआर के लिए 29.42 की औसत और 153.73 के स्ट्राइक-रेट से सिर्फ 206 रन बनाए।
प्रिया सरोज की बात करें, तो वह वर्तमान में समाजवादी पार्टी से सांसद हैं। वह 25 वर्ष की आयु में 2024 के लोकसभा चुनाव में मछलीशहर लोकसभा सीट से चुनाव जीती थी, जिससे वह भारत की सबसे युवा सांसदों में से एक बन गई हैं। सरोज एक राजनीतिक परिवार से आती हैं। उनके पिता, तूफानी सरोज, तीन बार के सांसद और उत्तर प्रदेश के केराकत से वर्तमान विधायक हैं।