एमएस धोनी ने मनाया 44वां जन्मदिन, दोस्तों और ढेरों शुभकामनाओं के बीच काटा केक, देखें वीडियो

एमएस धोनी ने मनाया 44वां जन्मदिन, दोस्तों के साथ काटा केक, देखें वीडियो

सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में धोनी अपने 44वें जन्मदिन पर दोस्तों को केक खिलाते नजर आ रहे हैं।

 

MS Dhoni attend friend's birthday party
MS Dhoni attend friend’s birthday party

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने सोमवार को रांची में सादगी के साथ अपना 44वां जन्मदिन मनाया। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में दिख रहा है, जिसमें धोनी अपने कुछ परिचित और करीबी दोस्तों  के बीच में मौजूद हैं, वह बिना बाजू की टी- शर्ट पहने हुए केक काटते नजर आ रहे हैं।

धोनी के निजी और दिल को छू लेने वाले पल ने उनके फैंस को एक सुखद झलक दी है, जो आमतौर पर सार्वजनिक रूप से कम ही देखने को मिलती है। हालांकि, धोनी का असर सिर्फ रांची तक ही सीमित नहीं है। देश के तमाम हिस्सों में उनके फैंस उनकी लंबी उम्र की प्रार्थना करते हुए उनके जन्मदिन के अवसर पर केक काटते दिखाई देते हैं। 

देखें वीडियो

सोशल मीडिया पर वायरल कई अन्य वीडियो में आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा में धोनी के फैंस, जो उन्हें थाला के नाम से बुलाते हैं, उन्होंने धोनी के सम्मान में एक विशाल कटआउट लगाया। अब यह परंपरा दक्षिण भारत में काफी आम हो चुकी है। चेन्नई सुपर किंग्स के झंडे लहराते हुए और धोनी की तस्वीर हाथों में थामे उनके प्रशंसक नजर आए, जिसमें धोनी को पारंपरिक दक्षिण भारतीय पोशाक में दिखाया गया।

इंडियन प्रीमियर लीग में चेन्नई सुपर किंग्स फ्रेंचाइजी के लिए लगातार कई सालों तक नेतृत्व करने के कारण दक्षिण भारतीय राज्यों में उनके प्रशंसकों की संख्या लाखों में है।महेंद्र सिंह धोनी 44 साल के हो चुके हैं। भले ही धोनी ने 2020 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया हो लेकिन, क्रिकेट के मैदान पर उनका जलवा अभी भी कायम है। आखरी बार उन्हें आईपीएल 2025 में चेन्नई सुपर किंग्स के लिए खेलते हुए देखा गया था।

आईपीएल 2025 का सीजन चेन्नई सुपर किंग्स के लिए कुछ खास नहीं रहा। हालांकि, धोनी का शांत व्यक्तित्व और तनावपूर्ण स्थिति में फैसले लेने की क्षमता, टीम के लिए एक प्रेरणा स्रोत का काम करती रही और उनके प्रशंसकों के लिए उम्मीद बनी रही।

अगला सीजन खेलने का फैसला लेने में लगेगा 5-6 महीने का वक्त 

महेंद्र सिंह धोनी के प्रशंसकों के मन में यह सवाल भी उठ रहा है कि, क्या धोनी अगले साल के खेलते नजर आएंगे। आईपीएल के बाद धोनी ने कहा था कि, ‘अगले सीजन में खेलने का फैसला लेने के लिए उनके पास अभी 5 से 6 महीने का वक्त है।’

धोनी ने 538 अंतर्राष्ट्रीय मैचों में 17,266 रन बनाए और 829 शिकार किए। एक दिवसीय मैचों में उनका औसत 50.57 रहा, जिसमें 10 शतक और 73 अर्धशतक शामिल हैं। गौरतलब बात यह है कि उन्होंने अधिकतर समय निचले क्रम पर बल्लेबाजी करते हुए 10,000 से ज्यादा रन बनाए हैं।

close whatsapp