भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज की शुरुआत 29 अक्टूबर, बुधवार से कैनबरा में होने जा रही है। मैच से पहले भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में टीम की तैयारी और रणनीति पर बात की। उन्होंने खासतौर पर पावरप्ले ओवर्स के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि इस अवधि में जसप्रीत बुमराह की भूमिका टीम के लिए बेहद अहम होगी।
सूर्यकुमार ने प्री मैच काॅन्फ्रेंस में कहा कि ऑस्ट्रेलिया जैसी टीम शुरुआत से ही आक्रामक खेलने के लिए जानी जाती है। इसलिए, शुरुआती छह ओवरों में नियंत्रण बनाना जरूरी है। उन्होंने कहा, हमने देखा है कि ऑस्ट्रेलिया कैसे पहले ही ओवर से दबाव बनाने की कोशिश करती है। ऐसे में बुमराह का अनुभव हमारे लिए बहुत काम आएगा। पावरप्ले हमेशा मैच का रुख तय करता है।
बुमराह की वापसी से टीम में बढ़ा आत्मविश्वास: सूर्यकुमार
बुमराह हाल ही में समाप्त हुई वनडे सीरीज में आराम पर थे, ताकि वे टी20 मुकाबलों के लिए पूरी तरह फिट रहें। सूर्यकुमार ने याद दिलाया कि एशिया कप में बुमराह ने पावरप्ले में दो ओवर लगातार फेंकने की जिम्मेदारी खुद ली थी, जिससे टीम को बड़ा फायदा मिला था। उन्होंने कहा, वह हमेशा आगे बढ़कर जिम्मेदारी उठाते हैं, और अब भी वही रवैया लेकर उतरेंगे।
सूर्यकुमार ने बुमराह की सराहना करते हुए कहा कि वे टीम के सबसे अनुभवी खिलाड़ियों में से हैं, खासकर ऑस्ट्रेलियाई परिस्थितियों में। उन्होंने यहां सबसे ज्यादा क्रिकेट खेली है। बाकी खिलाड़ी उनके अनुभव से सीखते हैं। वह खुले दिल से सबकी मदद करते हैं, और उनकी मौजूदगी टीम में आत्मविश्वास भर देती है।
इसके अलावा, कप्तान ने नितीश कुमार रेड्डी की चोट पर अपडेट देते हुए बताया कि युवा ऑलराउंडर अब बेहतर महसूस कर रहे हैं। वह नेट्स में बल्लेबाजी और रनिंग कर रहे हैं। आज उन्होंने आराम का दिन चुना, लेकिन टीम मीटिंग में मौजूद रहे। नई टीम में उनका ऊर्जा स्तर शानदार है।
साफ है कि टीम इंडिया बुमराह की वापसी से उत्साहित है। उनका अनुभव और सटीक गेंदबाजी ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शुरुआती ओवरों में भारत के लिए जीत की कुंजी साबित हो सकती है।
