BAN vs WI: वेस्टइंडीज ने तीसरे मैच में बांग्लादेश को 5 विकेट से हराकर, टी20 सीरीज में किया मेजबान का 3-0 से सफाया

BAN vs WI: वेस्टइंडीज ने तीसरे मैच में बांग्लादेश को 5 विकेट से हराकर, टी20 सीरीज में किया मेजबान का 3-0 से सफाया

मुकाबले में रोमारियो शेफर्ड ने ली हैट्रिक

Bangladesh vs West Indies, 3rd T20I (Image Credit - Twitter X)
Bangladesh vs West Indies, 3rd T20I (Image Credit – Twitter X)

वेस्टइंडीज ने बांग्लादेश को तीसरे टी20 मुकाबले में पांच विकेट से हराकर, टी20 सीरीज में 3-0 से क्लीन स्वीप कर लिया। ढाका में खेले गए इस मुकाबले में मेजबान टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 151 रनों का स्कोर खड़ा किया, जिसमें तंजिद हसन ने 62 गेंदों पर शानदार 89 रन बनाए।

हालांकि, उनके अलावा कोई भी बल्लेबाज टिक नहीं पाया। वेस्टइंडीज के गेंदबाजों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया, जिसमें रोमैरियो शेफर्ड की हैट्रिक ने मैच का रुख पूरी तरह से बदल दिया।

शेफर्ड को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया। उन्होंने कहा, मुझे पता ही नहीं चला कि मैंने हैट्रिक ली है, जब बताया गया तब अहसास हुआ। टीम को लय में लाना मेरा मकसद था और मैं खुश हूँ कि ऐसा कर पाया।

चेस-आगस्टे की जोड़ी की बदौलत वेस्टइंडीज की शानदार जीत

वेस्टइंडीज की ओर से कप्तान रॉस्टन चेस और युवा बल्लेबाज़ आगस्टे ने बेहतरीन बल्लेबाज़ी की। एक समय स्कोर 52/3 पर था, लेकिन दोनों ने संयम दिखाते हुए बल्लेबाजी में आक्रामक अंदाज भी दिखाया। ऑगस्टे ने सिर्फ 24 गेंदों में अपना पहला टी20 अर्धशतक पूरा किया, जबकि चेस ने भी अर्धशतक जमाया और टीम को 19 गेंदें शेष रहते जीत दिलाई।

मैच के बाद कप्तान चेस ने कहा, हमने ODI सीरीज हारने के बाद अपने रवैये में बदलाव लाया। फील्डिंग पर बात की थी और आज हमने बेहतरीन टीम प्रदर्शन किया। बांग्लादेश के कप्तान लिटन दास ने स्वीकार किया कि टीम ने कई कैच छोड़े और फील्डिंग में कमजोर रही। उन्होंने कहा, हम अच्छा खेलना चाहते थे, लेकिन वेस्टइंडीज ने हमें हर विभाग में मात दी।

यह जीत वेस्टइंडीज के आत्मविश्वास को मजबूती देगी, क्योंकि अब सिर्फ तीन महीने बाद भारत और श्रीलंका में टी20 विश्व कप खेला जाएगा, जहाँ हालात लगभग ऐसे ही रहेंगे। बांग्लादेश के हाथों वनडे सीरीज को 2-1 से गंवाने के बाद, वेस्टइंडीज ने तीन मैचों की टी20 सीरीज को 3-0 से अपने नाम कर, इस दौरे का शानदार अंदाज में समापन किया।

close whatsapp