Women’s World Cup 2025: भारतीय टीम जीती फाइनल तो मिलेगा हीरों का तोहफा, सूरत के उद्योगपतियों ने की बड़ी घोषणा
गोविंद धोलकिया ने वादा किया वर्ल्ड कप जीतने पर हर खिलाड़ी को मिलेंगे हीरे के गहने और सोलर पैनल उपहार में
अद्यतन - Nov 2, 2025 9:27 pm

आईसीसी महिला विश्व कप 2025 का फाइनल मुकाबला रविवार, 2 नवंबर को भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेला जा रहा है। इस ऐतिहासिक मैच से पहले सूरत के दो प्रसिद्ध उद्योगपतियों गोविंद धोलकिया और जयंतीभाई नारोला ने भारतीय महिला टीम के लिए एक दिल छू लेने वाली घोषणा की है।
उन्होंने ऐलान किया है कि अगर भारत महिला विश्व कप जीतता है, तो टीम की हर खिलाड़ी को प्राकृतिक हीरे के गहने और छत पर लगने वाले सोलर पैनल उपहार में दिए जाएंगे।
ये घोषणा सूरत की जानी मानी डायमंड कंपनी श्री रामकृष्ण (SRK) एक्सपोर्ट्स के मालिकों द्वारा की गई है। उनका कहना है कि यह पहल खिलाड़ियों के हौसले को बढ़ाने और उनके कठिन परिश्रम को सम्मान देने के लिए की गई है।
गोविंद धोलकिया ने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) को एक औपचारिक पत्र लिखकर इस योजना की जानकारी दी और टीम की प्रतिबद्धता और अनुशासन की सराहना की।
धोलकिया ने अपने बयान में कहा, हमारी महिला क्रिकेट टीम जब वर्ल्ड कप के फाइनल में उतर रही है, तो हर भारतीय का सिर गर्व से ऊँचा है। इन बेटियों ने अपने साहस और समर्पण से करोड़ों दिल जीते हैं।
उन्होंने आगे कहा कि SRK एक्सपोर्ट्स को गर्व होगा कि वह विजेता टीम की प्रत्येक सदस्य को हाथ से बने हीरे के गहनों के साथ सोलर पैनल भी भेंट करे। यह इस बात का प्रतीक होगा कि जैसे ये खिलाड़ी देश को रोशनी देती हैं, वैसे ही उनके घर भी उजाले से भरें।
गोविंद धोलकिया का जीवन भी प्रेरणादायक है। 1947 में गुजरात के अमरेली ज़िले के दूधाला गाँव में जन्मे धोलकिया कम उम्र में ही सूरत आ गए थे। उन्होंने मात्र 45 रुपए प्रति महीने किराये के छोटे से कमरे में दो दोस्तों के साथ SRK एक्सपोर्ट्स की शुरुआत की, और आज वही कंपनी 6,000 से अधिक लोगों को रोजगार देती है।
खैर, भारतीय महिला टीम ने इस वर्ल्ड कप में शानदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने ग्रुप स्टेज में श्रीलंका, पाकिस्तान और न्यूजीलैंड को हराया, जबकि सेमीफाइनल में जेमिमा रोड्रिग्स के शतक ने ऑस्ट्रेलिया को मात दी।
अब फाइनल में भारत के पास इतिहास रचने और पहली बार विश्व कप ट्रॉफी उठाने का सुनहरा मौका है। अगर ऐसा होता है, तो इन महिला खिलाड़ियों पर सूरत के हीरे सचमुच चमक बिखेरेंगे।
cricket newscricket news in hindiऑस्ट्रेलियाताजा क्रिकेट खबरदक्षिण अफ्रीकाभारतभारतीय महिला क्रिकेट टीममहिला क्रिकेट
विशेष रुप से प्रदर्शित वीडियो