T20 वर्ल्ड कप 2026: नामीबिया के खिलाफ शतक लगाकर साहिबजादा ने बनाया ये खास रिकाॅर्ड, ऐसा करने वाले सिर्फ दूसरे पाकिस्तानी
आइए आपको इस रिकाॅर्ड के बारे में जानकारी देते हैं
अद्यतन - फरवरी 18, 2026 5:59 अपराह्न

पाकिस्तान और नामीबिया के बीच जारी आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 का 35वां मैच कोलंबो के सिंहली स्पोर्ट्स क्लब मैदान पर खेला जा रहा है। बता दें इस मुकाबले में पाकिस्तान के सलामी बल्लेबाज साहिबजादा फरहान (Sahibzada Farhan) ने एक खास और वर्ल्ड रिकाॅर्ड को अपने नाम कर लिया है।
मुकाबले में फरहान ने नामीबिया के गेंदबाजों की जमकर खबर लेते हुए 58 गेंदों में 11 चौके और 4 जबरदस्त छक्कों की मदद से 100* रनों की नाबाद पारी खेली। इस पारी के दम पर पाकिस्तान ने नामीबिया के खिलाफ सुपर 8 में जगह बनाने के लिए खेले जा रहे इस अहम मुकाबले में एक बड़ा स्कोर जीत के लिए रखा।
दूसरी ओर, जारी टी20 वर्ल्ड कप में ये शतकीय पारी खेलने के साथ ही साहिबजादा फरहान ने इतिहास रच दिया। अब वह पाकिस्तान की ओर से आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में शतक लगाने सिर्फ दूसरे पाकिस्तानी खिलाड़ी बन गए हैं। फरहान से पहले 2014 में हुए टी20 वर्ल्ड कप में अहमद शहजाद ने बांग्लादेश के खिलाफ 62 गेंदों में 111* रनों की नाबाद पारी खेली थी। लेकिन अब फरहान ने शहजाद के इस खास रिकाॅर्ड की बराबरी कर ली है।
नामीबिया को जीत के लिए बनाने होंगे 200 रन
तो वहीं, इस मुकाबले में टाॅस जीतकर पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया, जो उनके लिए एकदम सही साबित हुआ। पाकिस्तान क्रिकेट टीम ने शानदार अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में तीन विकेट के नुकसान पर कुल 199 रन बनाए, और नामीबिया के सामने जीत के लिए एक मजबूत लक्ष्य रखा।
फरहान की शतकीय पारी के अलावा सैम अयूब ने 14, कप्तान सलमान अली आगा ने 38 रनों की पारी खेली। इसके अलावा अंत में हरफनमौला शादाब खान ने 22 गेंदों में 1 चौका व 3 छक्के लगाकर 36* रन बनाकर पाकिस्तान की पारी को शानदार अंदाज में खत्म किया। हालांकि, पाकिस्तान ने अनुभवी बल्लेबाज बाबर आजम को बल्लेबाजी करने के लिए नहीं उतारा।
खैर, देखने लायक बात होगी कि क्या नामीबिया पाकिस्तान से मिले इस टारगेट को हासिल कर पाती है या नहीं?