बीसीसीआई स्किप कर सकती है IPL 2026 की ओपनिंग सेरेमनी, इस रिपोर्ट में हुआ चौंकाने वाला खुलासा
28 मार्च से शुरू हो रहा है आईपीएल 2026
अद्यतन - मार्च 26, 2026 1:27 अपराह्न

ताजा मीडिया रिपोर्ट्स की मानें, तो भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) आईपीएल 2026 की पारंपरिक तौर पर की जाने वाली ओपनिंग सेरेमनी को स्किप करने का विचार कर रहा है। इसके पीछे बेंगलुरू भगदड़ की वजह से जिन लोगों ने जान गंवाई थी, उनका बीसीसीआई सम्मान करना चाहता है। इस वजह से इस बार ओपनिंग सेरेमनी को स्किप किया जा सकता है।
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट्स की मानें तो बीसीसीआई 31 मई को होने वाले फाइनल मैच के लिए ग्रैंड क्लोजिंग सेरेमनी आयोजित करने का विचार कर रहा है। गौरतलब है कि पिछले साल जब आरसीबी ने 18 साल के लंबे इंतजार के बाद, आईपीएल ट्राॅफी को अपने नाम किया था। तो विजेता टीम का बेंगलुरू के चिन्नास्वामी स्टेडियम में एक सम्मान समारोह आयोजित किया गया था।
हालांकि, स्टेडियम की बाहर मौजूद भारी संख्या में फैंस और सुरक्षाकर्मियों की कमी के चलते भगदड़ मच गई, जिसमें 11 लोगों ने अपनी जान गंवाई, जबकि 50 से अधिक लोग घायल हो गए थे। तो वहीं, अब बीसीसीआई 4 जून, 2025 की भगदड़ में दिवंगत आत्माओं के प्रति सम्मान के प्रतीक के रूप में आईपीएल-19 की शुरुआत में किसी भी ओपनिंग सेरेमनी का आयोजन नहीं कर रहा है।
बीसीसीआई सचिव की प्रतिक्रिया
दूसरी ओर, बीसीसीआई के सचिव देवजीत सैकिया ने कहा- पिछले साल 4 जून को हुई दुखद घटना के कारण, आईपीएल-2026 के पहले दिन बेंगलुरु में कोई औपचारिक कार्यक्रम आयोजित नहीं किया जाएगा। बीसीसीआई 4 जून, 2025 को हुई उस त्रासदी में दिवंगत आत्माओं के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए आईपीएल-19 के प्रारंभ में किसी भी सांस्कृतिक या मनोरंजन कार्यक्रम का आयोजन नहीं कर रहा है।
हालांकि, बीसीसीआई और आईपीएल की गवर्निंग काउंसिल फाइनल (31 मई) के दिन आईपीएल के समापन पर एक भव्य मनोरंजन कार्यक्रम आयोजित करने की योजना बना रहे हैं।
खैर, पिछली बार आईपीएल 2025 की ओपनिंग सेरेमनी जो कोलकाता के ईडन गार्डन्स मैदान पर हुई थी। तो उस सेरेमनी में बाॅलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान, गायक श्रेया घोषाल व करन ऑजला और अभिनेत्री दिशा पाटनी ने मनोरंजन कार्यक्रम में हिस्सा लिया था।