IPL 2026: पूर्व भारतीय ने चुनी प्लेऑफ में पहुंचने वाली 4 टीमें, पांच बार की चैंपियन को नहीं दी जगह
28 मार्च से शुरू हो रहा है टूर्नामेंट
अद्यतन - मार्च 27, 2026 11:53 पूर्वाह्न

आईपीएल 2026 शुरू होने में अब सिर्फ एक दिन का समय बचा है। 28 मार्च को पहला मैच गत चैंपियन राॅयल चैलेंजर्स बेंगलुरू और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाएगा।
इस बीच, पूर्व भारतीय क्रिकेटर व जाने-माने क्रिकेटर आकाश चोपड़ा ने आईपीएल के 19वें सीजन में प्लेऑफ में पहुंचने वाली टाॅप 4 टीमों का चयन किया है। हालांकि, इन टीमों में सबसे चौंकाने वाला नाम पांच बार की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स का रहा।
गौरतलब है कि 2025 के सीजन में मुंबई इंडियंस, पंजाब किंग्स, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात टाइटन्स प्लेऑफ में पहुंचे। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने फाइनल में पंजाब किंग्स को 6 रनों से हराकर, 18 साल बाद अपना पहला आईपीएल खिताब जीता था।
आकाश चोपड़ा ने चुनी प्लेऑफ टीमें
आईपीएल 2026 के शुरू होने से पहले आकाश चोपड़ा ने हाल में ही अपने यूट्यूब चैनल पर कहा- यह एक मुश्किल सवाल है। कोई नहीं जानता क्योंकि इसमें कई कारण शामिल हैं जैसे कि फॉर्म, फिटनेस, पिच की स्थिति, भाग्य का साथ, और भी बहुत कुछ। हालांकि, कागजों पर मुंबई इंडियंस और दिल्ली कैपिटल्स दो ऐसी टीमें हैं जो मुझे बहुत अच्छी लगती हैं।
अगर उनके सभी खिलाड़ी फिट और खेलने के लिए उपलब्ध रहें, और उनका प्रदर्शन अच्छा बना रहे, तो आदर्श रूप से उन्हें पहले और दूसरे स्थान पर रहना चाहिए, लेकिन यह कहना मुश्किल है कि वे कहाँ तक पहुँचेंगे। हालांकि, मुझे लगता है कि वे निश्चित रूप से क्वालीफाई कर लेंगे।
चोपड़ा ने आगे कहा- मुझे लगता है कि पंजाब किंग्स तीसरी टीम है जिसे क्वालीफाई करना चाहिए। मैं रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को चौथी टीम के रूप में सोच रहा हूं। हालांकि, आरसीबी खेमे से कोई अच्छी खबर नहीं आ रही है। नुवान तुशारा की खबर अभी आई है। इसलिए, आरसीबी के लिए हालात कुछ खास अच्छे नहीं दिख रहे हैं।
आकाश चोपड़ा ने इस बार आईपीएल प्लेऑफ के लिए आरसीबी, मुंबई, दिल्ली और पंजाब को चुना है। लेकिन क्रिकेट अनिश्चताओं का खेल है। इसलिए, कुछ भी कहा नहीं जा सकता। खैर, आपके अनुसार इस बार कौनसी टीम प्लेऑफ में जगह बना सकती है। कमेंट करें।