क्या टेस्ट क्रिकेट से रिटायरमेंट वापिस लेंगे विराट कोहली? बचपन के कोच ने दिया बड़ा अपडेट 

क्या टेस्ट क्रिकेट से रिटायरमेंट वापिस लेंगे विराट कोहली? बचपन के कोच ने दिया बड़ा अपडेट 

कोहली का टेस्ट क्रिकेट में 10 हजार रन बनाने का सपना अधूरा रह गया है।

Virat Kohli (Image Credit- Twitter X)
Virat Kohli (Image Credit- Twitter X)

पूर्व भारतीय कप्तान व अनुभवी बल्लेबाज विराट कोहली के बचपन के कोच राजकुमार शर्मा ने हाल में ही खुलासा किया है कि उनकी कोहली से टेस्ट क्रिकेट में वापसी को लेकर बात हुई है। गौरतलब है कि 37 वर्षीय कोहली ने पिछले साल इंग्लैंड दौरे से पहले टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कह दिया था। अब वह भारत के लिए इंटरनेशनल लेवल पर सिर्फ वनडे फाॅर्मेट में ही खेलते हुए नजर आते हैं।

दूसरी ओर, भारत को व्हाइट बाॅल क्रिकेट में जहां सफलता मिली है, लेकिन कोहली के टेस्ट से रिटायर होने के बाद रेड बाॅल क्रिकेट में खराब प्रदर्शन का सामना करना पड़ा है। इस साल भारत ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज गंवाई, तो उससे पहले साल 2024 में न्यूजीलैंड के खिलाफ घर पर 3-0 से व्हाइटवाॅश और उससे पहले बाॅर्डर-गावस्कर सीरीज को भी गंवाया था।

भारतीय टीम के खेल के सबसे बड़े फाॅर्मेट में औसत प्रदर्शन के बाद, क्रिकेट फैंस यह मांग करने लगे कि कोहली को टेस्ट क्रिकेट में वापसी करनी चाहिए। इस बीच विराट कोहली के बचपन के कोच का बड़ा बयान सामने आया है, जिसने फैंस के बीच एक आशा की किरण जगा दी है।

राजकुमार शर्मा का बड़ा बयान

हाल में ही विराट कोहली के बचपन के कोच राजकुमार शर्मा एक्सप्रेस कैफे पाॅडकास्ट में नजर आए। इस पाॅडकास्ट में जब प्रजेंटर ने उनसे विराट कोहली के टेस्ट से वापसी पर सवाल किया तो राजकुमार ने कहा- ‘इसको लेकर विराट से बात तो हुई है, देखते हैं क्या होता है?’

खैर, भारतीय क्रिकेट टीम के टेस्ट इतिहास में विराट कोहली सफलतम कप्तानों में से एक हैं। कोहली की कप्तानी में भारत ने 68 में से 40 मैच जीते हैं, जो किसी भारतीय कप्तान की सबसे ज्यादा टेस्ट जीत है। इसके अलावा कोहली की कप्तानी में भारत ने सेना देशों में शानदार खेल दिखाते हुए कई ऐतिहासिक टेस्ट सीरीज को भी अपने नाम किया।

रिटायर होने से पहले विराट कोहली का टेस्ट क्रिकेट में 10 हजार रन बनाने का सपना अधूरा रह गया। कोहली ने भारत के लिए 123 टेस्ट मैचों में 46.85 की औसत से कुल 9230 रन बनाए। साथ ही विराट ने टेस्ट में 30 शतक भी जड़े।

close whatsapp