अहमदाबाद में हुई ICC की बोर्ड मीटिंग, पिंक बाॅल ट्रायल समेत लिए गए ये बडे़ फैसले 

अहमदाबाद में हुई ICC की बोर्ड मीटिंग, पिंक बाॅल ट्रायल समेत लिए गए ये बडे़ फैसले 

इस मीटिंग के बाद कनाडा क्रिकेट की सदस्यता को निलंबित कर दिया गया है।

ICC (Image credit Twitter - X)
ICC (Image credit Twitter – X)

इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) की आज 1 जून, सोमवार को अहमदाबाद में बोर्ड मीटिंग समाप्त हुई। इस मीटिंग में कई बडे़ फैसले लिए गए, जिससे क्रिकेट अधिक प्रतिस्पर्धी और इनोवेशन वाला खेल बना रहा। इसी के मद्देनजर इस मीटिंग के बाद टेस्ट मैचों में पिंक बाॅल के इस्तेमाल की मंजूरी दे दी है।

गौरतलब है कि पिछले कुछ समय से टेस्ट क्रिकेट में खराब रौशनी की वजह से खेल को रोक दिया जाता था, लेकिन अब ऐसी स्थिति में पिंक बाॅल का इस्तेमाल किया जा सकेगा। हालांकि, इसके लिए दोनों टीमों की सहमति होनी चाहिए। आईसीसी के इस बडे़ फैसले के बाद, अब टीमें रेड बाॅल क्रिकेट में खराब रौशनी की वजह से बर्बाद होने वाले समय को कम कर सकेंगी, जिससे मैच का परिणाम निकल सके।

साथ ही आईसीसी ने मैरीलेबोन क्रिकेट क्लब (एमसीसी) के साथ मिलकर लाइटिंग टेक्नोलाॅजी पर रिसर्च करने के लिए फंड देने की घोषणा की है, जिसका मकसद टेस्ट क्रिकेट में खराब लाइट की वजह से बर्बाद होने वाले समय को कम करना शामिल है।

कनाडा क्रिकेट की सदस्यता निलंबित

इसके अलावा इस मीटिंग में कनाडा क्रिकेट की आईसीसी मेंबरशिप को “मेंबरशिप विनियम के गंभीर उल्लंघन” के चलते निलंबित कर दिया है। लेकिन, इस निलंबन के बाद भी कनाडा आईसीसी इवेंट में हिस्सा लेती रहेगी, जिससे खिलाड़ियों की आय पर कोई बुरा असर ना पड़े।

साथ ही आईसीसी ने प्लेइंग कंडीशन में बदलाव करते हुए हेड कोच या उसके द्वारा नामित किए खिलाड़ी को, अब ड्रिंक्स ब्रेक के दौरान खिलाड़ियों से बात करने की अनुमित दे दी है। इस फैसले के बाद, लाइव मैच के दौरान खिलाड़ी ड्रिंक्स ब्रेक में ड्रेसिंग रूम/कोच की सलाह ले सकेंगे। इसके अलावा अब टी20 इंटरनेशनल मैचों के दौरान दो पारियों के बीच 15 मिनट का अंतराल अनिवार्य कर दिया गया है, जिससे खिलाड़ियों को तैयारी करने का पूरा समय मिल सके, जो पहले 10 मिनट था।

अहमदाबाद में आईसीसी की बोर्ड मीटिंग के बाद, चेयरमैन जय शाह ने आधिकारिक प्रेस रिलीज के माध्यम से कहा- “अहमदाबाद में हुई हमारी चर्चाओं ने वैश्विक स्तर पर क्रिकेट के संचालन, प्रशासन और विकास के प्रति आईसीसी की प्रतिबद्धता को और मजबूत किया है। महिला क्रिकेट और उभरते देशों से लेकर फ्रेंचाइजी प्रतियोगिताओं के मैनेजमेंट तक, आज की चर्चाओं और निर्णयों का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि क्रिकेट दुनिया भर के फैंस के लिए निष्पक्ष, प्रतिस्पर्धी और रोमांचक बना रहे।”

close whatsapp