9 जून, Evening News Headlines: आज शाम तक की सभी ताजा खबरें क्रिकेट जगत से
इस खबर में उन घटनाओं का संक्षिप्त विवरण दिया गया है, जिन्होंने आज क्रिकेट जगत में सुर्खियां बटोरीं।
अद्यतन - जून 9, 2026 5:06 अपराह्न

1. वर्कलोड मैनेजमेंट के चलते मोहम्मद सिराज ने UK टूर से वापिस लिया नाम, प्रसिद्ध कृष्णा करेंगे उन्हें रिप्लेस
बीसीसीआई ने मंगलवार (9 जून) को कन्फर्म किया कि भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज को आयरलैंड और इंग्लैंड के आने वाले टी20आई दौरों के लिए आराम दिया गया है। यह फैसला नेशनल टीम के बिजी शेड्यूल को देखते हुए सिराज के वर्कलोड को मैनेज करने के लिए लिया गया है। दोनों दौरों के लिए 15 खिलाड़ियों की टीम में उनकी जगह प्रसिद्ध कृष्णा को शामिल किया गया है।
2. श्रेयस अय्यर के टी20 कप्तान बनने के बाद पिता ने किया जमकर डांस, वायरल हुई वीडियो
राष्ट्रीय टीम के नए टी20आई कप्तान के रूप में श्रेयस अय्यर की घोषणा के बाद भारतीय क्रिकेट ने एक नए युग में प्रवेश कर लिया है। बीसीसीआई के इस फैसला के साथ ही इसमें कोई शक नहीं है कि श्रेयस अय्यर काफी खुश हुए होंगे, पर्दे के पीछे की एक दिल छू लेने वाली झलक ने ऑनलाइन लाखों लोगों का दिल चुरा रही है। अय्यर के परिवार की खुशी को कैद करने वाले एक वायरल वीडियो इंटरनेट पर धूम मचा रहा है।
सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें श्रेयस अय्यर के पिता संतोष अपने बेटे के टीम इंडिया का नया कप्तान बनने की घोषणा के बाद घर पर कुछ दोस्तों के साथ डांस करते हुए दिखाई दे रहे हैं।
3. ‘हर कप्तान अपनी टीम में वॉशिंगटन सुंदर को चाहेगा’ – अफगानिस्तान के खिलाफ ऑल-राउंड प्रदर्शन के बाद सुनील गावस्कर ने की वॉशिंगटन सुंदर की तारीफ
वाॅशिंगटन सुंदर ने अफगानिस्तान पर भारत की पारी और 300 रनों की जीत में नाबाद 52 रन बनाए और दूसरी पारी में 4/36 के आंकड़ों के साथ फिनिश किया। सुनील गावस्कर ने उनकी बहुमुखी प्रतिभा की प्रशंसा की, उन्होंने कहा कि उनकी बल्लेबाजी लचीलापन और गेंदबाजी उन्हें प्लेइंग में किसी भी स्थान पर एक शानदार खिलाड़ी बनाते हैं।
स्टार स्पोर्ट्स के शो ‘फॉलो द ब्लूज’ में जब भारत के पूर्व कप्तान से पूछा गया कि क्या 26 साल के खिलाड़ी ने भारतीय टीम में अपनी अहम जगह बना ली है, तो उन्होंने जवाब दिया, “मुझे लगता है कि आप अपनी टीम में वॉशिंगटन सुंदर जैसा खिलाड़ी चाहते हैं क्योंकि वह किसी भी क्रम पर बैटिंग कर सकते हैं। आप उन्हें नई गेंद दे सकते हैं और वह नई गेंद से बॉलिंग भी कर सकते हैं।”
उन्होंने आगे कहा, “अगर आप चाहते हैं कि वह कसी हुई लाइन पर बॉलिंग करे, तो वह आपके लिए ऐसा करेगा। वह एक बेहतरीन टीम प्लेयर है और हर कप्तान अपनी टीम में वॉशिंगटन सुंदर को रखना चाहेगा।”
4. बड़ी खबर! बीसीसीआई ने अफगानिस्तान वनडे सीरीज से पहले रोहित शर्मा को फिट घोषित किया
भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज के शुरू होने से पहले टीम इंडिया के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। बता दें कि टीम के पूर्व कप्तान व अनुभवी सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा को बीसीसीआई द्वारा पूरी तरह से फिट घोषित कर दिया गया है।
गौरतलब है कि रोहित शर्मा का सेलेक्शन अफगानिस्तान वनडे सीरीज के लिए हुआ था, लेकिन उनका खेलना पूरी तरह से मैच फिटनेस पर निर्भर था। इसको लेकर हिटमैन रोहित कुछ समय पहले बीसीसीआई के बेंगलुरू स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) भी पहुंचे थे। लेकिन, अब रोहित को बीसीसीआई से फिटनेस के मामले में ग्रीन सिग्नल मिल गया है। अब वह 13 जून से शुरू हो रही वनडे सीरीज में टीम इंडिया के लिए एक्शन में नजर आएंगे।
5. CoE में हार्दिक पांड्या ने फिटनेस टेस्ट किया पास
भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज के शुरू होने से पहले टीम इंडिया के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। बता दें कि टीम के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या ने बेंगलुरू स्थित बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) में फिटनेट टेस्ट पास कर लिया है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के एक सीनियर अधिकारी ने इंडिया टीवी के हवाले से कहा- 2 जून को CoE में रिपोर्ट करने से पहले हार्दिक पांड्या विदेश में छुट्टियां मना रहे थे। अगले पांच दिनों में, उन्होंने कई मैच सिमुलेशन किए और 10 ओवर (पूरा कोटा) तक गेंदबाजी भी की। उन्हें कोई परेशानी नहीं हुई है और जानकारी के मुताबिक, CoE में स्ट्रेंथ और कंडीशनिंग कोच ने उनके अलग-अलग पैरामीटर्स के फिटनेस डेटा को मंजूरी दे दी है।
6. IPL 2026 में गदर मचाने वाले वैभव सूर्यवंशी ट्राई नेशन सीरीज के पहले मैच में सस्ते में लौटे पवेलियन
भारतीय क्रिकेट को चाहने वाले फैंस आज समय टीवी और फोन की स्क्रीन पर नजर गढ़ाए बैठे हुए थे, क्योंकि आईपीएल 2026 में बल्ले से गदर मचाने वाले वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav Sooryavanshi) एक्शन में नजर आने वाले थे। हालांकि, आईपीएल के एक धमाकेदार सीजन के बाद हुई सीरीज में 15 वर्षीय खिलाड़ी बुरी तरह फ्लाॅप साबित हुआ, जिससे फैंस को थोड़ी निराशा हुई।
गौरतलब है कि आज 9 जून से श्रीलंका में भारत-अफगानिस्तान सहित ट्राई नेशन ए सीरीज 2026 की शुरुआत हो चुकी है। इस सीरीज का पहला मैच आज श्रीलंका ए और भारत ए के बीच दांबुला के रंगगिरी दांबुला इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जा रहा है।
इस मुकाबले में जब टाॅस जीतकर भारतीय टीम के लिए वैभव सूर्यवंशी ओपनिंग करने आए, लेकिन वह 12 गेंदों में 14 रन बनाकर सस्ते में आउट होकर पवेलियन लौट गए। सूर्यवंशी ने अपनी इस छोटी पारी के दौरान 3 चौके लगाए। सूर्यवंशी को मुहम्मद शिराज ने सहन अर्चाजिगे के हाथों कैच आउट कराया।
7. ‘टेस्ट क्रिकेट सब्र का खेल है’ भारत के लिए शानदार डेब्यू के बाद मानव सुथार की प्रतिक्रिया
भारत बनाम अफगानिस्तान के बीच एकमात्र टेस्ट मैच के खत्म होने के बाद, खिलाड़ी ने जियो स्टार के साथ चर्चा करते हुए कहा- “यह एक अद्भुत एहसास है। ऐसा लग रहा है जैसे मैं दुनिया में सबसे ऊपर हूं। जब मैं बैटिंग करने गया, तो कुछ गेंदें खेलने के बाद मुझे धीरे-धीरे अच्छा महसूस हुआ और जब मैंने पहला ओवर डाला, तो मैं उसी लाइन और लेंथ पर बने रहना चाहता था।”
मानव ने आगे कहा- “मैंने अपनी डिलीवरी को थोड़ा पीछे रखने की कोशिश की, लेकिन मुझे समझ आया कि पिच थोड़ी धीमी है, इसलिए मुझे ज़्यादा जोर लगाना पड़ा। [DRS पर] उस पल के जोश में मुझे लगा कि यह बिल्कुल साफ आउट था। एक ही जगह पर बॉलिंग करना जरूरी है। टेस्ट क्रिकेट सब्र का खेल है, इसलिए मुझे उम्मीद है कि मैं अपनी बॉलिंग में निरंतरता बनाए रख सकूंगा।”
8. ‘पाकिस्तान में वे बंदूकें लेकर कमरे के बाहर खड़े रहते थे’: बांग्लादेश के कप्तान लिटन दास का चौंकाने वाला बयान
लिटन दास ने ‘प्रोथोम आलो’ से कहा, “हम वहां (बीसीबी के बड़े अधिकारियों के साथ मीटिंग में) शामिल होने और चाय पीने गए थे। हमारा मकसद ऐसी कमरे में बैठकर चाय पीना था। हमसे पूछा गया कि हम क्या चाहते हैं। खिलाड़ी के तौर पर हम क्या चाहेंगे? हम झगड़ा नहीं करना चाहते। हम तो बस खेलना चाहते हैं। उन्होंने हमसे कहा कि उस देश (भारत) में सुरक्षा नहीं है। हमने उनसे कहा कि हम पाकिस्तान में भी खेल चुके हैं। वहां वे बंदूकें लेकर कमरे के बाहर खड़े रहते थे। उससे ज्यादा खतरनाक और क्या हो सकता है? अगर हम पाकिस्तान में खेल सकते हैं, तो भारत में क्यों नहीं?”