IPL 2026 में फीके पड़े पिछले सीजन के ये 5 बड़े सुपरस्टार, इस बार साबित हुए सुपर फ्लाॅप
पिछले सीजन के मैच विनर इस बार फॉर्म और लय के लिए तरसते नजर आए
अद्यतन - जून 9, 2026 6:57 अपराह्न

आईपीएल 2026 31 मई को खेले गए फाइनल मैच के साथ समाप्त हुआ। आरसीबी ने गुजरात टाइटंस को हराकर लगातार दूसरी बार खिताब जीता। तो वहीं, इस सीजन के दौरान कुछ ऐसे बड़े खिलाड़ी भी देखने को मिले, जिनका प्रदर्शन पिछले सीजन की तुलना में सुपर फ्लाॅप साबित हुआ। आइए जानते हैं ऐसे ही 5 खिलाड़ियों के बारे में जिनका यह सीजन कुछ खास नहीं रहा:
1. निकोलस पूरन
लखनऊ सुपर जायंट्स के विस्फोटक बल्लेबाज निकोलस पूरन से इस सीजन काफी उम्मीदें थीं, लेकिन वह उन पर खरे नहीं उतर सके। उन्होंने 14 मैचों में केवल 234 रन बनाए और उनका स्ट्राइक रेट भी अपेक्षा से काफी कम रहा।
पिछले सीजन में पूरन ने 524 रन बनाए थे और उनका स्ट्राइक रेट 196 से अधिक था। उनकी आक्रामक बल्लेबाजी ने LSG को कई मुकाबलों में जीत दिलाई थी, लेकिन इस बार वह पूरी तरह संघर्ष करते नजर आए। टीम भी अंक तालिका में आखिरी स्थान पर रही।
2. जसप्रीत बुमराह
दुनिया के सर्वश्रेष्ठ तेज गेंदबाजों में गिने जाने वाले जसप्रीत बुमराह के लिए भी IPL 2026 अच्छा नहीं रहा। उन्होंने पूरे सीजन में केवल चार विकेट हासिल किए। हालांकि, उनकी इकॉनमी ठीक रही, लेकिन विकेट न लेने की वजह से मुंबई इंडियंस को काफी नुकसान हुआ। IPL 2025 में बुमराह ने 18 विकेट लिए थे और विपक्षी बल्लेबाजों के लिए सबसे बड़ी चुनौती बने हुए थे। इस बार उनका प्रभाव उतना दिखाई नहीं दिया।
2. डेवाल्ड ब्रेविस
चेन्नई सुपर किंग्स के युवा बल्लेबाज डेवाल्ड ब्रेविस से काफी उम्मीदें थीं। उनकी आक्रामक बल्लेबाजी को देखते हुए माना जा रहा था कि वह बड़ा सीजन खेलेंगे, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। उन्होंने 11 मैचों में सिर्फ 151 रन बनाए। ब्रेविस ने IPL 2025 में रिप्लेसमेंट खिलाड़ी के तौर पर आते हुए छह मैचों में 225 रन बनाए थे और उनका स्ट्राइक रेट 180 था। लेकिन इस बार वह लगातार अच्छा प्रदर्शन करने में असफल रहे।
4. अर्शदीप सिंह
पंजाब किंग्स के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह का प्रदर्शन भी पिछले सीजन की तुलना में काफी कमजोर रहा। उन्होंने IPL 2026 में 14 विकेट जरूर लिए, लेकिन उनकी इकॉनमी 10.21 रही, जो काफी महंगी साबित हुई।
IPL 2025 में अर्शदीप ने 21 विकेट लेकर पंजाब किंग्स को फाइनल तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। इस बार न केवल उनका प्रदर्शन कमजोर रहा, बल्कि वह कुछ ऑफ-फील्ड विवादों के कारण भी चर्चा में रहे।
5. सूर्यकुमार यादव
सूर्यकुमार यादव के लिए IPL 2026 का सीजन उम्मीदों के मुताबिक नहीं रहा। मुंबई इंडियंस को इस अनुभवी बल्लेबाज से बड़े प्रदर्शन की उम्मीद थी, लेकिन वह पूरे टूर्नामेंट में संघर्ष करते नजर आए।
सूर्यकुमार ने सीजन में सिर्फ 270 रन बनाए और कई मैचों में अच्छी शुरुआत मिलने के बावजूद उसे बड़ी पारी में नहीं बदल सके। उनकी खराब फॉर्म का असर मुंबई इंडियंस के प्रदर्शन पर भी पड़ा, जिसके चलते टीम प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो गई और अंक तालिका में नौवें स्थान पर रही।
इसके विपरीत, IPL 2025 सूर्यकुमार के करियर के सबसे बेहतरीन सीजन में से एक था। उन्होंने 717 रन बनाकर बल्लेबाजी में अपना दबदबा दिखाया था और 167.92 के शानदार स्ट्राइक रेट से रन बनाए थे।