7 जुलाई, Morning News Headlines: आज सुबह तक की सभी ताजा खबरें क्रिकेट जगत से

7 जुलाई, Morning News Headlines: आज सुबह तक की सभी ताजा खबरें क्रिकेट जगत से

इस खबर में उन घटनाओं का संक्षिप्त विवरण दिया गया है, जिन्होंने आज क्रिकेट जगत में सुर्खियां बटोरीं।

Morning News Headlines (Image Credit- Twitter X)
Morning News Headlines (Image Credit- Twitter X)

1. वैभव सूर्यवंशी की इस कमजोरी पर बोले मोहम्मद कैफ, डेब्यू के बाद टीम में बने रहने के लिए करना होगा ये बड़ा काम

भारत के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav Sooryavanshi) ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपना पहला मुकाबला खेलकर नई शुरुआत की। उन्होंने छोटी लेकिन आक्रामक पारी खेली, हालांकि, उसे बड़ी पारी में नहीं बदल सके।

इस बीच, पूर्व भारतीय क्रिकेटर मोहम्मद कैफ का मानना है कि वैभव के खेल में अपार प्रतिभा है, लेकिन अभी कुछ ऐसे पहलू हैं जिन पर उन्हें मेहनत करने की जरूरत है। कैफ ने कहा कि डेब्यू मैच के आधार पर किसी खिलाड़ी का आकलन करना सही नहीं होगा, लेकिन शुरुआत में ही अपनी कमजोरियों पर काम करना भविष्य के लिए फायदेमंद रहेगा। मोहम्मद कैफ ने कहा कि वैभव को ऑफ स्पिन गेंदबाजी के खिलाफ अपनी बल्लेबाजी मजबूत करनी होगी।

2. जिम्बाब्वे के खिलाफ T20I सीरीज के लिए भारत ने की टीम की घोषणा, सैमसन को दिखाया बाहर का रास्ता

भारतीय क्रिकेट टीम इस समय इंग्लैंड दौरे पर है। इंग्लैंड और भारत के बीच जारी पांच मैचों की टी20आई सीरीज के बीच, आज 6 जुलाई को भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने जिम्बाब्वे के खिलाफ आगामी तीन मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज के लिए भारतीय टीम की घोषणा कर दी है।

जिम्बाब्वे के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज के लिए भारतीय टीम: श्रेयस अय्यर (कप्तान), वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा (उपकप्तान), ईशान किशन (विकेटकीपर), शिवम दुबे, सूर्यांश शेडगे, रिंकू सिंह, हर्ष दुबे, वरुण चक्रवर्ती, प्रिंस यादव, अशोक शर्मा, मयंक यादव, प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर)

3. ENG vs IND: भारत के खिलाफ तीसरे टी20 के लिए इंग्लैंड ने की प्लेइंग इलेवन की घोषणा

भारतीय क्रिकेट टीम इस समय इंग्लैंड दौरे पर है। फिलहाल, इंग्लैंड और भारत के बीच पांच मैचों की टी20आई सीरीज खेली जा रही है। टी20 सीरीज के दो मैच खेले जा चुके हैं। तो वहीं, अब टी20 सीरीज का तीसरा मैच 7 जुलाई, मंगलवार को नाॅटिंघम के ट्रेंट ब्रिज मैदान पर खेला जाएगा।दूसरी ओर, इस मुकाबले के लिए आज 6 जुलाई को एक दिन पहले ही इंग्लैंड ने अपनी प्लेइंग इलेवन की घोषणा कर दी है।

भारत के खिलाफ तीसरे T20I के लिए इंग्लैंड की प्लेइंग XI: फिल साल्ट, जोस बटलर (विकेटकीपर), हैरी ब्रूक (कप्तान), जैकब बेथेल, टॉम बैंटन, सैम करन, विल जैक्स, लियाम डॉसन, जोफ्रा आर्चर, आदिल रशीद और जोश टंग

4. “सूर्यवंशी और अभिषेक नहीं हो सकते भारत के लॉन्ग टर्म ओपनर” – मोहम्मद कैफ ने भारतीय टीम को चेताया

पूर्व भारतीय क्रिकेटर मोहम्मद कैफ ने कहा, “भारत वही गलती कर रहा है जो उन्होंने वर्ल्ड कप में की थी। ईशान और अभिषेक ओपनिंग कर रहे थे। उन्हें ऑफ-स्पिनर मिला और वे आउट होने लगे। जब तक उन्हें बड़ी हार नहीं मिली, संजू नहीं खेल रहे थे।”

उन्होंने कहा, “एक दाएं हाथ का और एक बाएं हाथ का बल्लेबाज आगे बढ़ने का सही रास्ता है, जिसे हमने विश्व कप में देखा था। हम ऑफ स्पिनरों के खिलाफ संघर्ष कर रहे थे। लेकिन संजू के आने से यह हल हो गया था। आप यहां वही गलती कर रहे हैं। अभिषेक और वैभव आपके लॉन्ग-टर्म सलामी बल्लेबाज नहीं हो सकते। आपको शीर्ष पर एक दाएं हाथ के बल्लेबाज की जरूरत है।”

5. इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टी20 में संजू सैमसन को बाहर करने पर अश्विन का बड़ा बयान, बोले ‘उनके साथ हमेशा गलत होता है’

भारत के पूर्व ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टी20 मुकाबले में संजू सैमसन को प्लेइंग इलेवन से बाहर किए जाने पर अपनी नाराजगी जाहिर की है। अश्विन का मानना है कि संजू को लगातार तीन खराब पारियों के आधार पर टीम से बाहर करना सही फैसला नहीं था। उनकी जगह युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को मौका दिया गया, लेकिन अश्विन के अनुसार टीम प्रबंधन को संजू पर थोड़ा और भरोसा दिखाना चाहिए था।

अश्विन ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा कि यह बात केवल वह ही नहीं, बल्कि टीम प्रबंधन और मुख्य कोच गौतम गंभीर भी अच्छी तरह जानते होंगे कि संजू के साथ पूरी तरह न्याय नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि किसी भी खिलाड़ी के लिए लगातार मौके मिलना बेहद जरूरी होता है। अगर कोई खिलाड़ी कुछ मैचों में अच्छा प्रदर्शन करने के बाद थोड़ी खराब फॉर्म से गुजर रहा है, तो उसे तुरंत बाहर कर देना उसके आत्मविश्वास पर असर डाल सकता है।

6. पिता के नक्शेकदम पर अन्वय द्रविड़! श्रीलंका के खिलाफ संकटमोचक बन खेली 87 रनों की बेहतरीन पारी

सोमवार, 6 जुलाई को हंबनटोटा में खेले जा रहे श्रीलंका के खिलाफ दूसरे यूथ वनडे मैच में, भारतीय क्रिकेट के दिग्गज राहुल द्रविड़ के बेटे और युवा विकेटकीपर-बल्लेबाज अन्वय द्रविड़ ने जबरदस्त और आक्रामक बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए सिर्फ 67 गेंदों पर तूफानी 87 रन बनाए और इंडिया अंडर-19 टीम को 285 रनों के मजबूत स्कोर तक पहुंचाया।

महिंदा राजपक्षे इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला करने के बाद, इंडिया अंडर-19 टीम शुरुआत में ही मुश्किल स्थिति में आ गई। मेहमान टीम के टॉप-ऑर्डर के बल्लेबाज जल्दी आउट हो गए और 19वें ओवर तक टीम का स्कोर 4 विकेट पर 81 रन हो गया, क्योंकि दोनों ओपनर सस्ते में आउट हो गए थे।

7. ‘मुझे उसके लिए बुरा लगता है’ पूर्व पाकिस्तानी कप्तान इमरान खान की बिगड़ती तबीयत पर बोले कपिल देव

भारत के पूर्व विश्व कप विजेता कप्तान कपिल देव (Kapil Dev) ने पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री और महान क्रिकेटर इमरान खान की खराब होती सेहत पर चिंता जताई है। रिपोर्टों के अनुसार, अगस्त 2023 से जेल में बंद इमरान खान की तबीयत लगातार बिगड़ रही है।

उनकी स्वास्थ्य स्थिति को लेकर कई तरह की खबरें सामने आई हैं। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कपिल देव ने कहा कि किसी भी व्यक्ति के साथ मानवीय व्यवहार होना चाहिए, खासकर उस शख्स के साथ जिसने अपने देश के लिए बड़ी उपलब्धियां हासिल की हों।

लेकिन उनका मानना है कि इमरान खान जैसे पूर्व प्रधानमंत्री और विश्व कप विजेता क्रिकेटर को सम्मानजनक व्यवहार और बेहतर चिकित्सा सुविधा मिलनी चाहिए। उनके अनुसार, किसी भी हालात में बुनियादी मानवीय मूल्यों से समझौता नहीं होना चाहिए।

8. ZIM vs BAN: पहले वनडे में जिम्बाब्वे ने बांग्लादेश को 25 रनों से हराया

बांग्लादेश क्रिकेट टीम इस समय जिम्बाब्वे के दौर पर है। तो वहीं, इस समय जिम्बाब्वे और बांग्लादेश के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज खेली जा रही है। वनडे सीरीज का पहला मैच 6 जुलाई को दोनों टीमों के बीच हरारे स्पोर्ट्स क्लब मैदान पर खेला गया। बता दें इस मुकाबले में मेजबान टीम ने बांग्लादेश के खिलाफ 25 रनों से जीत हासिल की। मुकाबले में टाॅस जीतकर बांग्लादेश ने गेंदबाजी करने का फैसला किया। इसके बाद जिम्बाब्वे ने 141 रन बनाए, जबाव में बांग्लादेश 116 रनों पर ही सिमट गई।

close whatsapp