ENG vs IND: पॉवरप्ले में ही आधी टीम लौटी पैवेलियन! भारत के T20I इतिहास में पहली बार दर्ज हुआ ये शर्मनाक रिकॉर्ड
यह पहला मौका था जब भारत ने शुरुआती छह ओवरों के भीतर ही पांच विकेट गवाएं हो।
अद्यतन - जुलाई 8, 2026 11:13 पूर्वाह्न

मंगलवार, 7 जुलाई को ट्रेंट ब्रिज में खेले गए तीसरे टी20आई मैच में इंग्लैंड ने भारत को 125 रनों से बुरी तरह हराया और सीरीज में 2-0 की बढ़त बना ली। इंग्लैंड ने फिल सॉल्ट की 44 गेंदों पर 70 रनों की पारी की बदौलत 201/7 का स्कोर बनाया।
जवाब में, भारतीय बल्लेबाजी बुरी तरह लड़खड़ा गई। तेज गेंदबाजों जोश टंग (4-28) और जोफ्रा आर्चर (3-29) ने भारतीय बल्लेबाजी क्रम को तहस-नहस कर दिया और भारत को सिर्फ 11.4 ओवर में 76 रनों पर ऑलआउट कर दिया।
भारत ने टी20आई इतिहास का अपना सबसे खराब पावरप्ले खेला
कल (7 जुलाई) नॉटिंघम में इंग्लैंड के खिलाफ खेले गए टी20आई मैच में, भारत ने टी20आई इतिहास का अपना सबसे खराब पावरप्ले खेला, जिसमें टीम ने 54 रन पर 5 विकेट गंवा दिए थे। यह पहला मौका था जब भारत ने शुरुआती छह ओवरों के भीतर ही पांच विकेट गवाएं हो।
202 रन का पीछा करते हुए, ओपनर अभिषेक शर्मा और 15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने शुरुआती 10 गेंदों में 23 रन बनाए। हालांकि, जैसे ही इंग्लैंड के तेज गेंदबाजों ने अपनी लेंथ सही की, टीम की पारी बुरी तरह लड़खड़ा गई। जोश टंग ने दूसरे ओवर में अभिषेक शर्मा को आउट करके इस बैटिंग कोलैप्स की शुरुआत की। इसके बाद जोफ्रा आर्चर ने तेज और खतरनाक शॉर्ट गेंदों से टॉप ऑर्डर को पूरी तरह परेशान किया। उन्होंने जल्द ही सूर्यवंशी को बाउंसर पर 13 रन के स्कोर पर आउट कर ड्रेसिंग रूम का रास्ता दिखाया।
इसके बाद तो जैसे विकेट गिरने का सिलसिला ही चल पड़ा। टंग ने ईशान किशन को आउट किया और आर्चर ने कप्तान श्रेयस अय्यर और अक्षर पटेल को पवेलियन भेजा। पांचवें ओवर के आखिर तक, भारत का स्कोर 52/5 हो गया था।
इंग्लैंड की शानदार बॉलिंग के सामने निचले क्रम के बल्लेबाजों ने बिल्कुल भी संघर्ष नहीं किया। टंग ने 4/28 के शानदार आंकड़े दर्ज किए, जबकि आर्चर ने 3/29 विकेट लिए। स्पिनर विल जैक्स और आदिल राशिद ने जल्दी ही बाकी बचे बल्लेबाजों को आउट किया और भारत की पारी को सिर्फ 11.4 ओवर में 76 रनों पर समेट दिया जो उनके इतिहास का दूसरा सबसे कम टी20आई स्कोर था। इस 125 रनों की करारी हार के साथ इंग्लैंड ने पांच मैचों की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली है और यह टी20आई क्रिकेट में रनों के लिहाज से भारत की अब तक की सबसे बड़ी हार थी।