24 जुलाई, Morning News Headlines: आज सुबह तक की सभी ताजा खबरें क्रिकेट जगत से
इस खबर में उन घटनाओं का संक्षिप्त विवरण दिया गया है, जिन्होंने आज क्रिकेट जगत में सुर्खियां बटोरीं।
अद्यतन - जुलाई 24, 2026 10:06 पूर्वाह्न

1. ZIM vs IND 2026: पहले टी20आई में भारत ने जिम्बाब्वे को 7 विकेट से रौंदा
जिम्बाब्वे और भारत के बीच 23 जुलाई, गुरूवार से तीन मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज की शुरुआत हुई। सीरीज का पहला मुकाबला हरारे स्पोर्ट्स क्लब, हरारे में खेला गया। बता दें कि इस मुकाबले में श्रेयस अय्यर की अगुवाई में मैन इन ब्लू ने मेजबान टीम के खिलाफ 7 विकेट से एक शानदार जीत दर्ज की।
बता दें यह बतौर कप्तान श्रेयस की पहली टी20 इंटरनेशनल जीत है। इससे पहले उन्होंने 7 टी20आई मैचों में कप्तानी की, लेकिन 6 में उन्हें हार का सामना करना पड़ा। जबकि एक मैच का कोई परिणाम नहीं निकला था। खैर, मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए जिम्बाब्वे ने 126 रनों का लक्ष्य भारत के सामने जीत के लिए रखा, जिसे टीम इंडिया ने 3 विकेट खोकर आसानी से हासिल कर लिया।
2. जिम्बाब्वे के खिलाफ 19 गेंदों में अर्धशतक जड़कर वैभव सूर्यवंशी ने तोड़े ये बड़े रिकाॅर्ड, तेंदुलकर को भी छोड़ा पीछे
भारतीय क्रिकेट टीम के लिए 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी ने आखिरकार चौथे टी20 इंटरनेशनल मैच में अपनी प्रतिभा का परिचय करवा दिया। जिम्बाब्वे के खिलाफ 23 जुलाई से शुरू हुई तीन मैचों की टी20 सीरीज के पहले मैच में सूर्यवंशी ने जिम्बाब्वे के खिलाफ 18 गेंदों में चार छक्के और चार चौकों की मदद से 50 रनों की तूफानी पारी खेली। इसके बाद वह अगली ही गेंद पर आउट हो गए।
लेकिन इस अर्धशतकीय पारी खेलने के साथ ही उन्होंने वर्ल्ड क्रिकेट के 3 बड़े रिकाॅर्ड को तोड़ा, जिसमें पूर्व भारतीय क्रिकेटर व महान सचिन तेंदुलकर का भी एक वर्ल्ड रिकाॅर्ड शामिल है।
3 बड़े रिकाॅर्ड जो वैभव सूर्यवंशी ने तोड़े
- सबसे कम उम्र में टी20 इंटरनेशनल अर्धशतक लगाने वाले खिलाड़ी
- सबसे कम उम्र में टी20 इंटरनेशनल अर्धशतक लगाने वाले खिलाड़ी (आईसीसी के फुल मेंबर नेशन के खिलाफ)
- इसके अलावा वैभव सूर्यवंशी अब मैन्स इंटरनेशनल क्रिकेट में 50+ स्कोर बनाने वाले सबसे युवा खिलाड़ी भी (फुल मेंबर-एसोशिएट) भी बन गए हैं। यह तीसरा वर्ल्ड रिकाॅर्ड था, जो उन्होंने तोड़ा।
3. पाकिस्तान क्रिकेट में बड़ा बदलाव, वर्ल्ड कप 2027 से पहले PCB ने लॉन्च किया नया वनडे टूर्नामेंट
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने 2026-27 घरेलू क्रिकेट सीजन के लिए नए कार्यक्रम का ऐलान किया है। बोर्ड ने 2027 वनडे विश्व कप की तैयारियों को मजबूत करने के उद्देश्य से एक नया चार टीमों वाला घरेलू वनडे टूर्नामेंट शुरू करने का फैसला लिया है।
इस प्रतियोगिता का नाम नेशनल चैंपियंस कप रखा गया है, जिसमें देश के बेहतरीन खिलाड़ियों को मौका दिया जाएगा। इसका उद्देश्य वनडे प्रारूप के लिए मजबूत खिलाड़ियों की पहचान करना और उन्हें बड़े टूर्नामेंट से पहले तैयार करना है।
4. भारत की मेजबानी करने के लिए तैयार अफगानिस्तान, दिल्ली में खेलेगी अपनी ऐतिहासिक घरेलू टी20 सीरीज
भारत और अफगानिस्तान के बीच सितंबर 2026 में तीन मैचों की टी20 सीरीज खेली जाएगी। यह सीरीज कई मायनों में खास रहने वाली है, क्योंकि पहली बार अफगानिस्तान आधिकारिक रूप से भारत की मेजबानी करेगा।
हालांकि, मुकाबले भारत की राजधानी नई दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले जाएंगे। तीनों मैच 13, 16 और 19 सितंबर को होंगे। भले ही मुकाबले भारतीय जमीन पर होंगे, लेकिन रिकॉर्ड में अफगानिस्तान मेजबान टीम माना जाएगा।
5. बांग्लादेश महिला टीम इंग्लैंड के ऐतिहासिक दौरे के लिए तैयार है
बांग्लादेश महिला क्रिकेट टीम सितंबर 2027 में इंग्लैंड के ऐतिहासिक दौरे पर जाएगी, जो उस देश में उनकी पहली द्विपक्षीय सीरीज होगी। ईसीबी के घरेलू इंटरनेशनल शेड्यूल के तहत घोषित इस दौरे में पूरी व्हाइट-बॉल सीरीज शामिल है, जिसमें तीन टी20 इंटरनेशनल और उसके बाद तीन वन-डे इंटरनेशनल मैच खेले जाएंगे; ये मैच छह प्रमुख वेन्यू पर आयोजित होंगे।
6. PAK W vs SL W: श्रीलंका के खिलाफ सीरीज का पहला मैच जीतने के लिए फिरोजा और अमीन ने शानदार बल्लेबाजी की
पाकिस्तान महिला टीम ने श्रीलंका के खिलाफ सीरीज का पहला मैच पांच विकेट से जीता और 211 रन का लक्ष्य आसानी से हासिल कर लिया। नशरा संधू ने 42 रन देकर 3 विकेट लिए और श्रीलंका को 210/9 के स्कोर पर रोककर जीत की नींव रखी। जवाब में, गुल फिरोजा ने 77 गेंदों में तेज 78 रन बनाकर लक्ष्य का पीछा करने में अहम भूमिका निभाई, और सिदरा अमीन ने भी 57 रन की सधी हुई पारी खेलकर उनका अच्छा साथ दिया।
7. एशियन गेम्स 2026 के क्वार्टर-फाइनल ड्रॉ में भारतीय महिला टीम का मैच जापान से होगा
गुरुवार (23 जुलाई) को 2026 एशियाई खेलों की प्रतियोगिताओं के लिए आधिकारिक ड्रॉ हुआ, जिसमें क्वार्टर-फाइनल में भारत की महिला क्रिकेट टीम का मैच जापान से तय हुआ। टूर्नामेंट के नॉकआउट चरण में यह एक अहम मैच है क्योंकि दोनों टीमें सेमीफाइनल में जगह बनाने के लिए जोर लगा रही हैं। भारतीय महिला टीम ने 2023 में हांग्जो एशियाई खेलों में गोल्ड मेडल जीता था, जिससे वे आने वाली इस महाद्वीपीय प्रतियोगिता में मजबूत दावेदार के तौर पर उतर रही हैं।
8. पाकिस्तान के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए वेस्टइंडीज की टीम में अनकैप्ड स्पिनर जोशुआ बिशप को शामिल किया गया है
गुरुवार (23 जुलाई) को वेस्टइंडीज ने पाकिस्तान के खिलाफ दो मैचों की सीरीज के लिए 15 सदस्यीय टेस्ट टीम का ऐलान किया। इस सीरीज के लिए पारंपरिक बाएं हाथ के स्पिनर जोशुआ बिशप को पहली बार टीम में शामिल किया गया है। यह सीरीज त्रिनिदाद में 25 जुलाई से 6 अगस्त तक खेली जाएगी।
टीम: रोस्टन चेस (कप्तान), जोमेल वारिकन (उप-कप्तान), जोशुआ बिशप, टैगनारिन चंद्रपॉल, जोशुआ डा सिल्वा, जस्टिन ग्रीव्स, कावेम हॉज, शाई होप, अमीर जांगू, शमार जोसेफ, ब्रैंडन किंग, किर्क मैकेंजी, कीमो पॉल, केमार रोच, जेडन सील्स।