15 अगस्त, Evening News Headlines: आज शाम तक की सभी ताजा खबरें क्रिकेट जगत से

15 अगस्त, Evening News Headlines: आज शाम तक की सभी ताजा खबरें क्रिकेट जगत से

इस खबर में उन घटनाओं का संक्षिप्त विवरण दिया गया है, जिन्होंने आज क्रिकेट जगत में सुर्खियां बटोरीं।

Evening News Headlines (Image Credit- Twitter X)
Evening News Headlines (Image Credit- Twitter X)

1. बीसीसीआई चीफ सेलेक्टर के तौर पर अजीत अगरकर को रिप्लेस कर सकते हैं जहीर खान: रिपोर्ट

ताजा मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के चीफ सेलेक्टर अजीत अगरकर को पूर्व तेज गेंदबाज जहीर खान (Zaheer Khan) रिप्लेस कर सकते हैं। बीसीसीआई अब वर्तमान सेलेक्शन कमिटी के हेड का कार्यकाल आगे नहीं बढ़ाना चाहती है।

गौरतलब है कि अगरकर को 4 जुलाई, 2023 को सीनियर मैन्स भारतीय क्रिकेट टीम सेलेक्शन पैनल का चेयरमैन नियुक्त किया गया था। इस साल सितंबर में उनका तीन साल का कार्यकाल खत्म हो रहा है। इस हिसाब से उन्हें एक साल का और विस्तार मिल सकता था, लेकिन बोर्ड अब ऐसा कुछ करने के मूड में नजर नहीं आ रहा है।

2. आज से 6 साल पहले MS Dhoni ने क्रिकेट को कहा था अलविदा, जानें उनके क्रिकेट करियर के 3 बड़े रिकाॅर्ड

आज 15 अगस्त का दिन वही दिन है जब 2020 में भारत के महान पूर्व कप्तान एमएस धोनी (MS Dhoni) ने इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लिया था। देश की सेवा करना और भारतीय क्रिकेट को नई ऊंचाइयों तक ले जाना ‘कैप्टन कूल’ की सबसे बड़ी उपलब्धि रही है। उन्हें व्हाइट-बॉल फॉर्मेट के सबसे बेहतरीन कप्तानों और खेल के सबसे अच्छे फिनिशर्स में से एक माना जाता था। आइए, उनके करियर की 3 सबसे बड़ी उपलब्धियों पर एक नजर डालते हैं। 1. एकमात्र ऐसे कप्तान हैं जिन्होंने तीनो आईसीसी ट्रॉफीज जीती, 2. स्टंप के पीछे बिजली जैसी फुर्ती: 195 डिसमिसल, 3. किसी विकेटकीपर द्वारा सबसे बड़ा वनडे स्कोर (183*)

3. सबसे ज्यादा टेस्ट मैच खेलने वाली टॉप-3 टीमें: भारत ने पूरा किया 600वें टेस्ट का ऐतिहासिक सफर

टेस्ट क्रिकेट का इतिहास बहुत लंबा और शानदार रहा है, और बहुत कम देशों ने 600 मैचों का आंकड़ा छूने लायक मैच खेले हैं। यह उपलब्धि किसी देश के लंबे समय तक खेलने, लगातार अच्छा प्रदर्शन करने और वहां की क्रिकेट कल्चर की गहराई को दर्शाती है।

15 अगस्त को, जो भारत का स्वतंत्रता दिवस भी है, टीम इंडिया के लिए जश्न दोगुना हुआ। गॉल इंटरनेशनल स्टेडियम में श्रीलंका के खिलाफ मैदान पर उतरते ही टीम इंडिया उन चुनिंदा देशों के क्लब में शामिल हो गई जिन्होंने 600 या उससे ज्यादा टेस्ट मैच खेले हैं। आइए, क्रिकेट इतिहास में सबसे ज्यादा टेस्ट मैच खेलने वाली टॉप तीन टीमों पर एक नजर डालते हैं। 1. इंग्लैंड – 1,097 मैच, 2. ऑस्ट्रेलिया – 883 मैच, 3. भारत – 600 मैच

4. Josh Hazlewood ने किया ऐतिहासिक कारनामा! बांग्लादेश के खिलाफ ‘पंजा’ खोलकर पूरे किए 300 टेस्ट विकेट

15 अगस्त को पहले टेस्ट के तीसरे दिन, ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड ने क्रिकेट के इतिहास में अपना नाम दर्ज करा लिया है। वे टेस्ट क्रिकेट में 300 विकेट लेने वाले नौवें ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज बन गए हैं। हेजलवुड ने डार्विन में बांग्लादेश के खिलाफ खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच में यह उपलब्धि हासिल की। ​​उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने करियर में 14वीं बार एक पारी में पांच विकेट और चौथी बार छह विकेट लेने का कारनामा किया।

5. इंग्लैंड के खिलाफ पहले टेस्ट से पहले पाकिस्तान की बढ़ सकती हैं मुश्किलें, इंजरी की वजह से Babar Azam को आराम की सलाह

इंग्लैंड के खिलाफ 19 अगस्त से हेडिंग्ली में खेले जाने वाले पहले टेस्ट मैच से पहले, पाकिस्तान क्रिकेट टीम की मुश्किलें बढ़ती हुई नजर आ रही हैं। बता दें कि टीम के कप्तान व अनुभवी बल्लेबाज बाबर आजम (Babar Azam) को अंगूठे में चोट के बाद आराम की सलाह दी गई है।

31 वर्षीय अनुभवी खिलाड़ी को यह चोटिल केंट काउंटी ग्राउंड पर काउंटी क्लब सेलेक्ट 11 के खिलाफ जारी तीन दिवसीय एक प्रैक्टिस मैच में लगी। इस प्रैक्टिस मैच में 39वें ओवर की आखिरी गेंद पर तेज गेंदबाज मैनी लम्सडेन की एक गेंद बाबर को लगी, उस समय वह 5 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे थे। टीम के डॉक्टर ने तुरंत उनकी जाँच की और सलाह दी कि वे मैच में आगे हिस्सा न लें। यह फैसला किसी गंभीर चोट की पुष्टि होने के कारण नहीं, बल्कि एहतियात के तौर पर लिया गया था।

6. स्वतंत्रता दिवस पर गॉल में टीम इंडिया ने फहराया तिरंगा, राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ गाकर मनाया जश्न; देखें वीडियो

भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम ने श्रीलंका के गॉल में 15 अगस्त को भारत का 80वां स्वतंत्रता दिवस मनाया। पहले टेस्ट मैच से ठीक पहले की सुबह, टीम ने विदेशी धरती पर देशभक्ति का जोश दिखाया। गॉल इंटरनेशनल स्टेडियम में श्रीलंका के खिलाफ अपने पहले टेस्ट मैच से पहले, पूरी भारतीय टीम झंडा फहराने के कार्यक्रम के लिए टीम होटल में इकट्ठा हुई।

कप्तान शुभमन गिल (Shubman Gill) और हेड कोच गौतम गंभीर (Gautam Gambhir) ने खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ के साथ मिलकर इस समारोह का नेतृत्व किया। पूरी टीम ने गर्व के साथ तिरंगा फहराया और राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ गाया।

7. रेप केस मामले में Abishek Porel की जमानत याचिका खारिज, 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजे गए

बंगाल और दिल्ली कैपिटल्स के विकेटकीपर-बल्लेबाज अभिषेक पोरेल (Abishek Porel) को 14 अगस्त, 2026 को एक स्थानीय अदालत ने कथित रेप केस के मामले में उनकी जमानत अर्जी खारिज करने के बाद 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

यह कानूनी कार्रवाई कर्नाटक के एक मेडिकल छात्र द्वारा 23 जून, 2026 को दर्ज कराई गई औपचारिक शिकायत के आधार पर शुरू हुई है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि पोरेल ने शादी का झूठा वादा करके उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। शिकायत के अनुसार, दोनों के बीच लगभग साढ़े तीन साल तक संबंध रहे, जिसके बाद करीब 18 महीने पहले उनके बीच निजी विवाद शुरू हो गए। इन आरोपों में शारीरिक और मानसिक शोषण, डराने-धमकाने और निजी तस्वीरों व वीडियो के अनधिकृत दुरुपयोग के आरोप भी शामिल हैं।

8. AUS vs BAN 1st Test: ऑस्ट्रेलियाई टीम पर मंडरा रहा हार का खतरा, तीसरे दिन ही बांग्लादेश ने मैच पर बना ली मजबूत पकड़

डार्विन के मरारा क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा रहे ऑस्ट्रेलिया और बांग्लादेश के बीच पहले टेस्ट में मेजबान टीम की हालत खराब है। तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक ऑस्ट्रेलिया ने अपनी दूसरी पारी में चार विकेट गंवाकर 161 रन बना लिए थे और अभी भी वह बांग्लादेश की पहली पारी से 67 रन पीछे है। ऑस्ट्रेलिया पहली पारी में सिर्फ 198 रन पर ढेर हो गई थी, जिसके जवाब में बांग्लादेश ने अपनी पहली पारी में 426 रन बनाकर बड़ी लीड हासिल कर ली। तीसरे दिन का खेल देखकर लग रहा है कि मुकाबले में बांग्लादेश जीत हासिल कर सकती है।

close whatsapp