वसीम जाफर ने चुनी एशिया टेस्ट XI, धोनी को नहीं मिली जगह, ऋषभ पंत को चुना विकेटकीपर

वसीम जाफर ने चुनी एशिया टेस्ट XI, धोनी को नहीं मिली जगह, ऋषभ पंत को चुना विकेटकीपर

वसीम जाफर के चयन ने क्रिकेट जगत में छेड़ी नई बहस

MS Dhoni Wasim Jaffer (Image credit Twitter - X)
MS Dhoni Wasim Jaffer (Image credit Twitter – X)

पूर्व भारतीय बल्लेबाज वसीम जाफर ने अपनी पसंदीदा एशिया टेस्ट XI को लेकर बड़ा बयान दिया है। जाफर ने अपनी टीम में पाकिस्तान के महान ऑलराउंडर और पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को कप्तान चुना है। वहीं, महान भारतीय बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर को उन्होंने टीम का उपकप्तान बनाया।

जाफर ने अपनी टीम में विकेटकीपर के तौर पर एमएस धोनी की जगह ऋषभ पंत को चुना। इस फैसले ने सबसे ज्यादा ध्यान खींचा। धोनी भारत के सबसे सफल विकेटकीपर-बल्लेबाजों में शामिल रहे हैं, लेकिन जाफर के मुताबिक टेस्ट टीम में वह पंत को प्राथमिकता देंगे।

‘मेरी टीम में धोनी भी नहीं होंगे’

जाफर ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा कि टेस्ट मैच के लिए उनकी टीम की कप्तानी इमरान खान करेंगे और सचिन तेंदुलकर उपकप्तान होंगे। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि उनकी टीम में एमएस धोनी के लिए जगह नहीं होगी और विकेटकीपर के रूप में पंत उनकी पहली पसंद होंगे।

पंत ने टेस्ट क्रिकेट में अपनी आक्रामक बल्लेबाजी और मुश्किल परिस्थितियों में प्रदर्शन से खास पहचान बनाई है। जाफर के इस चयन से दोनों भारतीय विकेटकीपरों के बीच तुलना एक बार फिर चर्चा में आ गई है।

वसीम जाफर ने इमरान खान के बेहतर इलाज को लेकर 22 पूर्व अंतरराष्ट्रीय कप्तानों की अपील का समर्थन भी किया। उन्होंने कहा कि इमरान पाकिस्तान के लिए गर्व का विषय हैं और उन्हें अच्छी चिकित्सा सुविधा मिलना एक बुनियादी जरूरत है।

जाफर ने इमरान की कप्तानी और क्रिकेट करियर की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने पाकिस्तान को 1992 में पहली बार विश्व कप जिताया था। उनके अनुसार इमरान एक शानदार खिलाड़ी, कप्तान और नेता थे। जाफर ने यह भी कहा कि इमरान चाहते तो विदेश में बस सकते थे, लेकिन उन्होंने अपने देश में रहकर बदलाव के लिए काम किया।

2006 में हुई थी इमरान से मुलाकात

जाफर ने इमरान खान के साथ अपनी एक पुरानी मुलाकात को भी याद किया। उन्होंने बताया कि 2006 में उनकी इमरान से मुलाकात हुई थी और वह उनके कैंसर अस्पताल भी गए थे।

जाफर के मुताबिक, इस अस्पताल में गरीब लोगों को मुफ्त या बेहद कम कीमत पर इलाज दिया जाता है। जाफर ने इमरान को दूरदर्शी नेता बताते हुए कहा कि उन्होंने पाकिस्तान के लिए कई महत्वपूर्ण काम किए हैं।

ये भी पढ़ें – ‘इमरान खान को मिले बेहतर इलाज’: पूर्व भारतीय कप्तान कपिल देव ने पाकिस्तान सरकार से लगाई गुहार

close whatsapp