पाकिस्तान टेस्ट टीम के कोच बन सकते हैं माइक हेसन, सरफराज अहमद की जगह खतरे में
तीसरे टेस्ट से पहले टीम के साथ जुड़ सकते हैं व्हाइट-बॉल हेड कोच माइक हेसन
अद्यतन - अगस्त 31, 2026 4:21 अपराह्न

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) अपनी टेस्ट टीम के कोचिंग सेटअप में बड़ा बदलाव करने पर विचार कर रहा है। खबरों के अनुसार, पाकिस्तान के मौजूदा व्हाइट-बॉल हेड कोच माइक हेसन को टेस्ट टीम से भी जोड़ा जा सकता है। इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे और आखिरी टेस्ट से पहले हेसन टीम के साथ जुड़ सकते हैं।
इंग्लैंड के खिलाफ जारी टेस्ट सीरीज में पाकिस्तान का प्रदर्शन अब तक काफी निराशाजनक रहा है। टीम को पहले टेस्ट में पारी और 103 रन से हार का सामना करना पड़ा था। इसके बाद लॉर्ड्स में खेले गए दूसरे टेस्ट में भी पाकिस्तान को 194 रन से हार मिली।
दूसरे टेस्ट की पहली पारी में पाकिस्तान की टीम सिर्फ 110 रन पर सिमट गई थी। लगातार दो बड़ी हार के बाद टीम के प्रदर्शन और कोचिंग व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। माना जा रहा है कि इसी वजह से PCB अब बदलाव के विकल्पों पर विचार कर रहा है।
तीसरे टेस्ट से पहले टीम से जुड़ सकते हैं हेसन
रिपोर्ट के मुताबिक, माइक हेसन 9 सितंबर से बर्मिंघम के एजबेस्टन मैदान पर शुरू होने वाले तीसरे टेस्ट से पहले पाकिस्तान टेस्ट टीम के साथ जुड़ सकते हैं। वह मैच के दौरान ड्रेसिंग रूम में भी टीम के साथ मौजूद रह सकते हैं। हालांकि, PCB ने अभी तक यह साफ नहीं किया है कि हेसन की भूमिका आधिकारिक होगी, अंतरिम होगी या सिर्फ सलाहकार की तरह होगी।
सरफराज अहमद पर बढ़ा दबाव
माइक हेसन को टेस्ट टीम से जोड़ने की चर्चा के बाद मौजूदा टेस्ट हेड कोच सरफराज अहमद की स्थिति पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि इंग्लैंड दौरे के खत्म होने के बाद सरफराज को टेस्ट कोच की जिम्मेदारी से हटाया जा सकता है। हालांकि, PCB की ओर से इस बारे में अभी कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
PCB भविष्य में माइक हेसन को टेस्ट, वनडे और टी20 तीनों फॉर्मेट की जिम्मेदारी देने पर भी विचार कर सकता है। फिलहाल इस पर कोई अंतिम फैसला नहीं हुआ है। अब सभी की नजरें एजबेस्टन टेस्ट पर रहेंगी, क्योंकि यह मुकाबला पाकिस्तान की कोचिंग व्यवस्था के भविष्य को लेकर कई संकेत दे सकता है।
ये भी पढ़ें – ‘इम्पैक्ट प्लेयर’ नियम को हटाने की तैयारी में बीसीसीआई! फ्रेंचाइजियों से मांगी राय