Asian Games 2026: एशियन गेम्स के लिए बांग्लादेश ने की टीम की घोषणा, लिटन दास को सौंपी कप्तानी
टेस्ट कप्तान नजमुल हुसैन शान्तो भी टीम में जगह बनाने में सफल रहे हैं
अद्यतन - सितम्बर 2, 2026 10:44 अपराह्न

Asian Games 2026 Bangladesh Squad: बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने आज 2 सितंबर, बुधवार को आगामी एशियन गेम्स 2026 के लिए 15 सदस्यीय टीम की घोषणा कर दी है। टेस्ट कप्तान नजमुल हुसैन शान्तो और हसन महमूद टी20 टीम में जगह बनाने में सफल रहे हैं।
तो वहीं, इस 15 सदस्यीय टीम की कमान एक बार फिर अनुभवी विकेटकीपर बल्लेबाज लिटन दास (Litton Das) संभालते हुए नजर आएंगे। वह हैमस्ट्रिंग इंजरी से वापसी कर रहे हैं। इससे पहले वह इस चोट के कारण जिम्बाब्वे और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज में हिस्सा नहीं ले पाए थे।
इसके अलावा इस टीम में ऑस्ट्रेलिया दौरे पर खेलने वाले नुरुल हसन, अब्दुल गफ्फार और नाहिद राणा को जगह नहीं मिली है। नाहिद अभी तक साइड इंजरी से रिकवर नहीं हो पाए हैं, जिस वजह से उन्हें टीम का हिस्सा नहीं बनाया गया है।
साथ ही बांग्लादेश की यह टीम टी20आई में अच्छा प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों और हाल ही में रेड-बॉल क्रिकेट में प्रभावित करने वाले खिलाड़ियों के मिक्स से बनी है। बांग्लादेश की कोशिश 2023 एशियाई खेलों में जीते गए ब्रॉन्ज मेडल से बेहतर प्रदर्शन करने की होगी।
खैर, एशियन गेम्स में बांग्लादेश मैन्स क्रिकेट टीम ग्रुप बी में शामिल है। दास एंड कंपनी क्वार्टर फाइनल में अपना पहला मैच में 28 सितंबर को कारोगी स्पोर्ट्स पार्क में खेलेगी। देखने लायक बात होगी कि लिटन दास की कप्तानी में बांग्लादेश इस बार एशियन गेम्स में कैसा प्रदर्शन करने वाली है? हालांकि, पिछली बार की तरह गत चैंपियन भारत को एक बार फिर से गोल्ड मेडल जीतने की प्रबल दावेदार नजर आ रही है।
एशियन गेम्स 2026 के लिए बांग्लादेश की पूरी क्रिकेट टीम
लिटन दास (कप्तान), तंजीद हसन, परवेज हुसैन इमोन, सैफ हसन, नजमुल हुसैन शान्तो, तौहीद हृदोय, मोसाद्देक हुसैन, यासिर अली, रिशाद हुसैन, मेहदी हसन, नसुम अहमद, मोहम्मद सैफुद्दीन, शोरफुल इस्लाम, मुस्तफिजुर रहमान और हसन महमूद
ये भी पढ़ें – ऐतिहासिक! पहले महिला चैंपियंस ट्राॅफी की मेजबानी करेगा भारत