13 सितंबर को ही होगा भारत बनाम अफगानिस्तान पहला टी20 मैच, कंफर्म हुई डेट

13 सितंबर को ही होगा भारत बनाम अफगानिस्तान पहला टी20 मैच, कंफर्म हुई डेट

मैच टलने की अटकलें हुईं खत्म

India vs Afghanistan 1st T20I (Image credit Twitter - X)
India vs Afghanistan 1st T20I (Image credit Twitter – X)

भारत और अफगानिस्तान के बीच 13 सितंबर को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में होने वाला पहला टी20 मुकाबला तय कार्यक्रम के अनुसार ही खेला जाएगा। दिल्ली एवं जिला क्रिकेट संघ (DDCA) ने 10 सितंबर को इसकी पुष्टि कर दी है। इससे मैच के टलने को लेकर चल रही सभी अटकलों पर विराम लग गया है।

DDCA ने दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के साथ बैठक के बाद यह फैसला लिया। पुलिस की ओर से मैच के लिए जरूरी सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था में पूरा सहयोग देने का भरोसा मिलने के बाद मुकाबले को तय तारीख पर कराने का फैसला किया गया।

BRICS सम्मेलन के कारण बढ़ी थी चिंता

13 सितंबर को नई दिल्ली में BRICS सम्मेलन भी चल रहा होगा। इस दौरान कई देशों के बड़े नेता राजधानी में मौजूद रहेंगे, जिसके चलते सुरक्षा व्यवस्था काफी कड़ी रहेगी।

दिल्ली पुलिस ने इसी वजह से DDCA को पत्र लिखकर मैच की तारीख बदलने का अनुरोध किया था। पुलिस को चिंता थी कि एक ही दिन बड़े क्रिकेट मैच और VVIP कार्यक्रम होने से शहर में ट्रैफिक और सुरक्षा व्यवस्था पर अतिरिक्त दबाव पड़ेगा।

अरुण जेटली स्टेडियम और BRICS सम्मेलन स्थल भारत मंडपम के बीच की दूरी भी करीब पांच किलोमीटर है। दोनों जगहों के बीच महात्मा गांधी रोड प्रमुख रास्ता है। ऐसे में बड़ी संख्या में दर्शकों और VVIP काफिले की आवाजाही को लेकर परेशानी की आशंका जताई गई थी।

तीनों मैच दिल्ली में होंगे

अब पूरी टी20 सीरीज अपने मूल कार्यक्रम के अनुसार ही होगी। भारत और अफगानिस्तान के बीच तीनों टी20 मुकाबले 13 से 17 सितंबर के बीच अरुण जेटली स्टेडियम में खेले जाएंगे। सभी मैच शाम 7 बजे शुरू होंगे।

पहले मैच में करीब 20 से 25 हजार दर्शकों के पहुंचने की उम्मीद है। ट्रैफिक पुलिस के सहयोग के बाद दर्शकों की आवाजाही और सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जाएगा। इस फैसले से दोनों टीमों की तैयारियों पर भी कोई असर नहीं पड़ेगा और तीन मैचों की पूरी सीरीज तय कार्यक्रम के मुताबिक आयोजित होगी।

ये भी पढ़ें – साइबर क्राइम एजेंसी के रडार पर मोहम्मद रिजवान और इमाम-उल-हक, ड्रेसिंग रूम लीक मामले में जांच तेज

close whatsapp