IPL 2027: चेन्नई सुपर किंग्स ने पूर्व क्रिकेटर मोहित शर्मा को बनाया नया गेंदबाजी कोच
CSK के लिए खेल चुके मोहित अब अपने अनुभव से टीम के गेंदबाजों को तैयार करेंगे
अद्यतन - सितम्बर 29, 2026 4:55 अपराह्न

पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज मोहित शर्मा (Mohit Sharma) अब खिलाड़ी के बाद कोच की नई भूमिका में नजर आएंगे। मोहित शर्मा को चेन्नई सुपर किंग्स ने अपना नया गेंदबाजी कोच नियुक्त किया है। वह अगले आईपीएल सीजन से टीम के साथ इस जिम्मेदारी को संभालेंगे। मोहित ने दिसंबर 2025 में क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास लेने का ऐलान किया था।
चेन्नई सुपर किंग्स के सीईओ काशी विश्वनाथन ने इस नियुक्ति की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि टीम के मुख्य कोच जहीर खान ने मोहित शर्मा के नाम की सिफारिश की थी। मोहित अब एरिक सिमंस की जगह गेंदबाजी कोच की जिम्मेदारी संभालेंगे।
CSK के लिए पहले भी खेल चुके हैं मोहित
मोहित शर्मा का चेन्नई सुपर किंग्स के साथ पुराना जुड़ाव रहा है। उन्होंने टीम के लिए चार सीजन में दो अलग-अलग दौर में क्रिकेट खेला। साल 2014 का आईपीएल सीजन उनके लिए बेहद खास रहा था। उस दौरान उन्होंने शानदार गेंदबाजी करते हुए 23 विकेट हासिल किए थे और पर्पल कैप अपने नाम की थी।
मोहित ने अपने आईपीएल करियर में कुल 120 मुकाबले खेले और 134 विकेट लिए। उन्होंने पंजाब किंग्स के लिए 2016 से 2018 तक खेला। इसके बाद वह गुजरात टाइटंस का हिस्सा बने और दो सीजन में 41 विकेट हासिल किए। उनका आखिरी आईपीएल कार्यकाल दिल्ली कैपिटल्स के साथ रहा।
भारत के लिए भी कर चुके हैं गेंदबाजी
मोहित शर्मा ने भारतीय टीम का भी प्रतिनिधित्व किया है। उन्होंने भारत के लिए 26 वनडे और 8 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले। वनडे में उनके नाम 31 विकेट हैं, जबकि टी20 अंतरराष्ट्रीय में उन्होंने 6 विकेट हासिल किए।
खिलाड़ी के तौर पर लंबे अनुभव के बाद, अब मोहित के सामने कोच के रूप में नई चुनौती होगी। सीएसके को उम्मीद होगी कि उनका अनुभव टीम के युवा गेंदबाजों के लिए काफी उपयोगी साबित होगा। जहीर खान की सिफारिश पर हुई यह नियुक्ति अगले आईपीएल सीजन से प्रभावी होगी।
ये भी पढ़ें – विराट कोहली ने वनडे में शाॅट के हिसाब से चुने 7 सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज