पाकिस्तान क्रिकेट को बड़ा झटका, बोर्ड को आधी कीमत में बेचने पड़े प्रसारण अधिकार: रिपोर्ट

पाकिस्तान क्रिकेट को बड़ा झटका, बोर्ड को आधी कीमत में बेचने पड़े प्रसारण अधिकार: रिपोर्ट

पाकिस्तान क्रिकेट के खराब प्रदर्शन का भी ब्राॅडकास्टिंग डील पर पड़ा असर

Mohsin Naqvi (Image credit Twitter - X)
Mohsin Naqvi (Image credit Twitter – X)

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) को अपने घरेलू अंतरराष्ट्रीय मैचों के प्रसारण अधिकार बेचने में बड़ा नुकसान उठाना पड़ा है। ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, बोर्ड ने 25 घरेलू मैचों के लिए 60 करोड़ पाकिस्तानी रुपये का रिजर्व प्राइस तय किया था, लेकिन केवल सरकारी प्रसारक पाकिस्तान टेलीविजन कॉरपोरेशन (PTV) ने बोली लगाई। PTV ने 35 करोड़ रुपये की बोली लगाकर ये अधिकार हासिल कर लिए।

रिजर्व प्राइस से काफी कम में हुआ सौदा

PCB ने हाल ही में प्रसारण अधिकारों के लिए टेंडर जारी किया था। हालांकि, इस बार बोर्ड ने कंपनियों को कंसोर्टियम बनाकर संयुक्त रूप से बोली लगाने की अनुमति नहीं दी। पिछले कुछ वर्षों में कई कंपनियां मिलकर ऐसे अधिकार हासिल करती रही थीं।

कंसोर्टियम की अनुमति नहीं होने और संभावित खरीदारों की कम दिलचस्पी के कारण प्रतिस्पर्धा काफी कम हो गई। नतीजा यह रहा कि PCB को अपने तय रिजर्व प्राइस से करीब आधी कीमत पर अधिकार बेचने पड़े।

एक सूत्र के अनुसार, पाकिस्तान की नेशनल टीमों का हालिया प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा है। इसका सीधा असर प्रायोजकों और विज्ञापनदाताओं की दिलचस्पी पर पड़ा है। कई कंपनियां फिलहाल पाकिस्तान क्रिकेट से जुड़े प्रसारण अधिकारों में पैसा लगाने से बच रही हैं।

कुछ प्रसारण कंपनियों पर पिछले समझौतों का पैसा भी PCB का बकाया है। हालांकि, इन कंपनियों को नए टेंडर में हिस्सा लेने से प्रतिबंधित नहीं किया गया था, लेकिन उन्होंने खुद बोली लगाने में रुचि नहीं दिखाई।

PSL को भी नहीं मिला उम्मीद के मुताबिक फायदा

PCB के लिए परेशानी सिर्फ अंतरराष्ट्रीय मैचों तक सीमित नहीं है। इस साल पाकिस्तान सुपर लीग के 11वें संस्करण के दौरान भी प्रसारण अधिकारों को लेकर बोर्ड को उम्मीद के मुताबिक प्रतिक्रिया नहीं मिली थी।

रिपोर्ट के अनुसार, पिछले सीजन के अधिकार खरीदने वाले एक प्रसारक पर अभी भी PCB का अरबों रुपये बकाया है। आने वाले समय में पाकिस्तान को आयरलैंड और जिम्बाब्वे के खिलाफ मुकाबले खेलने हैं, लेकिन जिम्बाब्वे ने अपने क्रिकेट बोर्ड से जुड़ी आंतरिक समस्याओं के कारण पाकिस्तान दौरे को लेकर असमर्थता जताई है।

ये भी पढ़ें – IPL में ‘दादा’ की धमाकेदार वापसी! सौरव गांगुली बने DC के नए हेड कोच; पहली बार संभालेंगे मुख्य कोच की जिम्मेदारी

close whatsapp