‘नई जनरेशन को कमान सौंपने का सही समय’ – धनंजय डी सिल्वा ने छोड़ी श्रीलंका की टेस्ट कप्तानी
डी सिल्वा ने जनवरी 2024 में दिमुथ करुणारत्ने की जगह टेस्ट टीम की कप्तानी संभाली थी।
अद्यतन - अक्टूबर 8, 2026 2:04 अपराह्न

श्रीलंकाई क्रिकेट के लिए एक बड़ी खबर है कि अनुभवी ऑलराउंडर धनंजय डी सिल्वा ने तत्काल प्रभाव से श्रीलंका की टेस्ट कप्तानी छोड़ दी है। 35 वर्षीय खिलाड़ी ने श्रीलंका क्रिकेट (एसएलसी) की चयन समिति को औपचारिक रूप से अपने फैसले की जानकारी दी और कहा कि अब “अगली जनरेशन को कमान सौंपने” का समय आ गया है।
डी सिल्वा ने जनवरी 2024 में दिमुथ करुणारत्ने की जगह टेस्ट टीम की कप्तानी संभाली थी। अपने कार्यकाल के दौरान, उन्होंने श्रीलंका की 18 टेस्ट मैचों में कप्तानी की और सात जीत हासिल कीं थी। कप्तानी की जिम्मेदारियों से हटने के साथ ही, इस अनुभवी खिलाड़ी ने साफ किया कि वह रेड-बॉल क्रिकेट में सिर्फ एक खिलाड़ी के तौर पर सिलेक्शन के लिए उपलब्ध रहेंगे।
अपनी कप्तानी के दौरान, डी सिल्वा ने लगातार अच्छा व्यक्तिगत प्रदर्शन किया; उन्होंने 36.45 की औसत से 1,130 रन बनाए और अपनी उपयोगी ऑफ-स्पिन गेंदबाजी से नौ विकेट भी लिए। कुल मिलाकर, उनका अंतरराष्ट्रीय रेड-बॉल करियर शानदार रहा है, 69 टेस्ट मैचों में उन्होंने 13 शतकों के साथ 4,400 से ज्यादा रन बनाए हैं और खुद को देश की बल्लेबाजी लाइन-अप का एक अहम खिलाडी साबित किया है।
देखें पोस्ट
Sri Lanka’s Test captain, Dhananjaya de Silva, has decided to step down from the captaincy with immediate effect. READ: https://t.co/8IeasaKyun #SriLankaCricket
— Sri Lanka Cricket 🇱🇰 (@OfficialSLC) October 8, 2026
उनकी लीडरशिप की सरहाना करते हुए, श्रीलंका क्रिकेट के सीईओ एशले डी सिल्वा ने बोर्ड की ओर से धनंजय का आभार जताया। उन्होंने कप्तानी के दौरान धनंजय के डेडिकेशन और गाइडेंस के लिए उन्हें धन्यवाद दिया और उनके बाकी बचे खेल करियर के लिए उन्हें और सफलता की शुभकामनाएं दीं।
श्रीलंका का अगला टेस्ट असाइनमेंट पाकिस्तान के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज है, जो 9 नवंबर से 17 नवंबर, 2026 के बीच खेली जाएगी। पहला टेस्ट रावलपिंडी क्रिकेट स्टेडियम में होगा और दूसरा टेस्ट लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में खेला जाएगा। ये मैच चल रही आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप साइकल का एक अहम हिस्सा हैं।