T20 सेटअप में वापसी के बाद क्या 2027 विश्व कप में खेलेंगे भुवनेश्वर कुमार? पूर्व कप्तान के बयान से अटकलें हुईं तेज
न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए भुवनेश्वर कुमार को टीम में जगह मिली है।
अद्यतन - अक्टूबर 9, 2026 4:15 अपराह्न

भारतीय तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार की अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी ने क्रिकेट जगत का ध्यान खींचा है। न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज के लिए उन्हें भारतीय टीम में शामिल किया गया है।
इस फैसले पर पूर्व भारतीय कप्तान अजिंक्य रहाणे ने खुशी जाहिर की है। उन्होंने संकेत दिया कि चयनकर्ताओं ने भुवनेश्वर को टीम में शामिल करते समय 2027 में होने वाले एकदिवसीय विश्व कप को भी ध्यान में रखा होगा।
चार साल बाद भारतीय टी20 टीम में वापसी
भुवनेश्वर कुमार ने अपना पिछला टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला नवंबर 2022 में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेला था। इसके बाद से वह भारतीय टीम से बाहर थे। हालांकि, उन्होंने घरेलू क्रिकेट और आईपीएल में लगातार अच्छा प्रदर्शन करके अपनी काबिलियत साबित की, और नेशनल टीम में वापसी की।
बता दें आईपीएल 2026 में भुवनेश्वर ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की ओर से शानदार गेंदबाजी की। उन्होंने 16 मुकाबलों में 28 विकेट हासिल किए और उनकी इकॉनमी रेट 7.95 रही। उनके इसी प्रदर्शन ने चयनकर्ताओं का ध्यान खींचने में अहम भूमिका निभाई।
अजिंक्य रहाणे ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा कि उन्हें भुवनेश्वर की वापसी की उम्मीद नहीं थी, लेकिन इस फैसले से उन्हें बेहद खुशी हुई। उन्होंने चयनकर्ताओं की भी तारीफ की।
रहाणे के मुताबिक, भुवनेश्वर की वापसी उन खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा है, जिनकी उम्र 36 से 38 साल के बीच है। इससे उन्हें भी विश्वास मिलेगा कि लगातार मेहनत और अच्छे प्रदर्शन के दम पर राष्ट्रीय टीम में दोबारा जगह बनाई जा सकती है।
उन्होंने कहा कि भुवनेश्वर ने पिछले तीन-चार वर्षों में घरेलू क्रिकेट और आईपीएल में पूरी मेहनत और जुनून के साथ खेलना जारी रखा। टीम से बाहर होने के बावजूद उन्होंने अपना ध्यान प्रदर्शन पर बनाए रखा।
क्या 2027 विश्व कप पर है चयनकर्ताओं की नजर?
रहाणे का मानना है कि न्यूजीलैंड की परिस्थितियों में भुवनेश्वर का अनुभव भारतीय टीम के लिए काफी उपयोगी साबित हो सकता है। उन्होंने कहा कि गेंद पर उनका नियंत्रण और गेंदबाजी का अनुभव टीम को मजबूती दे सकता है।
रहाणे ने यह भी उम्मीद जताई कि मुख्य कोच गौतम गंभीर अनुभवी गेंदबाज के तौर पर भुवनेश्वर को टीम में देखना चाहेंगे। उनके अनुसार, चयनकर्ताओं ने भविष्य की योजनाओं को ध्यान में रखकर यह फैसला लिया होगा। अगर भुवनेश्वर न्यूजीलैंड सीरीज में अच्छा प्रदर्शन करते हैं, तो 2027 विश्व कप के लिए उनकी दावेदारी मजबूत हो सकती है।
ये भी पढ़ें – IND vs NZ: चोट से सिर्फ भारत ही नहीं न्यूजीलैंड भी परेशान, टी20 सीरीज से दो खिलाड़ी हुए बाहर