विराट कोहली का बड़ा सपना, भारत को खेलों की दुनिया में नई पहचान दिलाने के लिए उठाया खास कदम
विराट कोहली ने लिंक्डइन पर डेब्यू कर अपना बड़ा विजन साझा किया।
अद्यतन - अक्टूबर 13, 2026 9:16 अपराह्न

भारतीय क्रिकेट टीम के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली (Virat Kohli) मैदान पर अपनी शानदार बल्लेबाजी के साथ-साथ, अब बिजनेस की दुनिया में भी लगातार आगे बढ़ रहे हैं। क्रिकेट में कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर चुके कोहली अब एक नई वजह से चर्चा में हैं।
दरअसल, 37 साल की उम्र में विराट कोहली ने प्रोफेशनल सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म लिंक्डइन पर अपना डेब्यू किया है। उन्होंने अपनी पहली पोस्ट में भारत में खेलों के भविष्य और अपने बिजनेस से जुड़े बड़े सपने के बारे में बताया है।
विराट कोहली ने पहली पोस्ट में बताया अपना विजन
विराट कोहली ने लिंक्डइन पर अपनी पहली पोस्ट में लिखा कि वह हमेशा से ऐसा भारत देखना चाहते थे, जहां हर खेल को महत्व मिले, लोग उसे खेलें और उसका जश्न मनाएं।
उन्होंने कहा कि भारत की नई पीढ़ी साबित कर रही है कि देश न केवल विश्वस्तरीय खिलाड़ी तैयार कर सकता है, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बड़े ब्रांड भी बना सकता है। कोहली का सपना भारत में एक ऐसा स्पोर्ट्स प्लेटफॉर्म तैयार करना है, जिसमें खेलों से जुड़े सामान का निर्माण, ब्रांड और वितरण जैसी सभी सुविधाएं शामिल हों।
प्यूमा का करोड़ों का ऑफर छोड़कर लिया बड़ा फैसला
विराट कोहली ने अपने बिजनेस को आगे बढ़ाने के लिए एक बड़ा जोखिम भी उठाया है। रिपोर्ट के मुताबिक, उन्होंने स्पोर्ट्स ब्रांड प्यूमा के साथ लगभग 300 करोड़ रुपये की आठ साल की डील बढ़ाने का प्रस्ताव ठुकरा दिया था।
इसके बजाय कोहली ने स्पोर्ट्सवियर कंपनी एजिलिटास स्पोर्ट्स में अपने करीब 40 करोड़ रुपये निवेश करने का फैसला किया। इसके अलावा वह वन8वर्ल्ड ब्रांड के सह-संस्थापक भी हैं।
विराट कोहली ने बताया कि उनका उद्देश्य सिर्फ एक सफल ब्रांड बनाना नहीं, बल्कि ऐसा कारोबार खड़ा करना है, जो आने वाली पीढ़ियों तक अपनी पहचान बनाए रखे। उन्होंने दिल्ली में आयोजित वन8वर्ल्ड के लॉन्च कार्यक्रम को अपने जीवन के सबसे खास पलों में से एक बताया।
बता दें कि एजिलिटास स्पोर्ट्स की स्थापना साल 2023 में अभिषेक गांगुली, अतुल बजाज और अमित प्रभु ने की थी। कंपनी खेलों से जुड़े उत्पादों के डिजाइन, निर्माण और बिक्री पर काम करती है।
ये भी पढ़ें – IND vs WI: चौथे T20 के लिए पुजारा ने चुनी भारत की प्लेइंग इलेवन, सूर्यवंशी के बजाए इस खिलाड़ी को सपोर्ट किया