लगातार दो मैचों में 50-50 रन गंवाने के बाद क्या तीसरे T20 मैच में खेलेंगे भुवनेश्वर कुमार? कोच ने दिया बड़ा अपडेट
करीब 4 साल बाद टीम में वापसी करने वाले भुवी शानदार प्रदर्शन नहीं कर पा रहे हैं।
अद्यतन - अक्टूबर 26, 2026 12:16 अपराह्न

अनुभवी गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार (Bhuvneshwar Kumar) करीब 4 साल के लंबे इंतजार के बाद, भारतीय टी20 टीम में वापसी करने में सफल रहे थे। हालांकि, उनकी वापसी उम्मीद के मुताबिक नहीं रही। न्यूजीलैंड के खिलाफ जारी पांच मैचों की टी20 सीरीज के क्राइस्टचर्च में खेले गए पहले दो मुकाबलों में भुवी ने 0/49 और 1/50 के आंकडे़ दर्ज किए।
क्रिकेट जगत में स्विंग किंग के नाम से मशहूर भुवी आईपीएल 2026 जैसा प्रदर्शन नहीं कर पाए। गत सीजन उन्होंने 16 मैचों में 28 विकेट हासिल किए थे और आरसीबी को लगातार दूसरी बार चैंपियन बनाने में मदद की थी। हालांकि, न्यूजीलैंड टी20 में भुवी के लचर प्रदर्शन के बाद फैंस सोशल मीडिया पर भुवी को प्लेइंग इलेवन से बाहर करने की मांग भी करते हुए नजर आए।
इस बीच, भारतीय क्रिकेट टीम के गेंदबाजी कोच मोर्ने माॅर्कल ने साफ कर दिया है कि भुवनेश्वर कुमार को किसी चीज के पीछे भागने की जरूरत नहीं है, बस उन्हें खुद जैसे ही रहना है। गेंदबाजी कोच के इस बयान के बाद भुवी के तीसरे टी20 मैच से बाहर होने की अटकलों को हवा मिलने लगी है।
मोर्ने माॅर्कल ने दिया बड़ा बयान
न्यूजीलैंड के खिलाफ वेलिंगटन में तीसरे टी20 इंटरनेशनल मैच से पहले आयोजित प्री मैच काॅन्फ्रेंस में भुवी को लेकर माॅर्कल ने कहा “उनकी वापसी को लेकर मेरे मन में काफी सहानुभूति है। मैं ऐसा इसलिए कह रहा हूं क्योंकि 4 साल बाद वापसी करने पर लोगों की उनसे काफी उम्मीदें होंगी। उन्होंने IPL में बहुत शानदार प्रदर्शन किया है; उन्होंने वाकई बेहतरीन गेंदबाजी की है।”
“उनके चयन से पहले, सबसे बड़ी चुनौती यही है कि इन उम्मीदों के दबाव को कैसे दूर रखा जाए। मेरा मतलब है कि, उन्होंने एक महीने तक ट्रेनिंग तो की, लेकिन इंटरनेशनल क्रिकेट खेलना बिल्कुल अलग बात है, जहां बहुत कम अंतर से जीत-हार तय होती है। इसलिए, शेड्यूल की वजह से उन्हें बहुत कम ट्रेनिंग के साथ ही खुद को तैयार करना पड़ा।”
माॅर्ने माॅर्कल द्वारा दिए इस बयान आप अंदाजा लगा सकते हैं कि भुवी को इंटरनेशनल क्रिकेट खेलने की तैयारी करने के लिए बहुत कम समय मिला है। इस वजह से वह पूरी क्षमता से प्रदर्शन नहीं कर पाए है। हालांकि, संभावना है कि भारत तीसरे टी20 मैच में भी वही प्लेइंग 11 उतारे, जो दूसरे टी20 मैच में खेली थी।
ये भी पढ़ें – NZ vs IND 2026, 3rd T20I: तीसरे टी20 में तहलका मचा सकते हैं ये 3 बल्लेबाज, जिन पर रहेगा दारोमदार