वर्ल्ड कप 2027 के लिए पूर्व भारतीय कप्तान ने चुने पांच तेज गेंदबाज, शमी-हर्षित को नहीं दी जगह
पूर्व कप्तान की पसंदीदा तेज गेंदबाजी सूची में चार बड़े नामों को नहीं मिली जगह
अद्यतन - अक्टूबर 26, 2026 6:39 अपराह्न

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व टेस्ट कप्तान अजिंक्य रहाणे ने वनडे विश्व कप 2027 को लेकर अपनी पसंद के पांच तेज गेंदबाज चुने हैं। उनकी इस सूची ने क्रिकेट प्रशंसकों के बीच नई चर्चा शुरू कर दी है। क्योंकि उन्होंने इस लिस्ट में मोहम्मद शमी और गौतम गंभीर के करीब कहे जाने वाले हर्षित राणा को शामिल नहीं किया। रहाणे ने जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा, मोहम्मद सिराज और मयंक यादव को जगह दी है।
बता दें वनडे विश्व कप 2027 का आयोजन 2 अक्टूबर से 21 नवंबर तक दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया में होना है। हालांकि, रहाणे की इस सूची में मोहम्मद शमी, हर्षित राणा, भुवनेश्वर कुमार और गुरनूर बराड़ जैसे गेंदबाज शामिल नहीं हैं।
मयंक यादव को मौका देना बना चर्चा का विषय
रहाणे की सूची में सबसे हैरान करने वाला नाम मयंक यादव का है। मयंक अपनी तेज रफ्तार गेंदबाजी के लिए जाने जाते हैं। वह 156.7 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गेंद फेंक चुके हैं।
हालांकि, मयंक ने अभी तक भारत के लिए एक भी वनडे मैच नहीं खेला है। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर केवल 11 टी20 मुकाबले खेले हैं। इसके बावजूद रहाणे ने उन पर भरोसा जताया है। वहीं, अर्शदीप सिंह ने 18 वनडे मैचों में 30 विकेट लिए हैं। प्रसिद्ध कृष्णा और मोहम्मद सिराज को भी रहाणे ने अपनी पसंद में शामिल किया है।
रहाणे के इस चयन में मोहम्मद शमी और हर्षित राणा का नाम नहीं होना सबसे ज्यादा चर्चा में है। हर्षित ने 14 वनडे मुकाबलों में 26 विकेट हासिल किए हैं। इसके अलावा वह बल्लेबाजी में भी योगदान दे चुके हैं।
दूसरी ओर, मोहम्मद शमी वनडे विश्व कप इतिहास में भारत के सबसे सफल गेंदबाज हैं। उन्होंने इस टूर्नामेंट में 55 विकेट लिए हैं। शमी आखिरी बार चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में भारत के लिए खेले थे। हालांकि, यह रहाणे की व्यक्तिगत पसंद है और विश्व कप के लिए भारत की आधिकारिक टीम का चयन अभी नहीं हुआ है।
ये भी पढ़ें – WPL 2027: ऑक्शन इन 5 विदेशी खिलाड़ियों पर हो सकती है पैसों की बारिश, फ्रेंचाइजियों की रहेंगी नजरें