हैदराबाद टिकट विवाद पर प्रशंसकों की ओर से आकाश चोपड़ा ने कही ये बात
हैदराबाद क्रिकेट संघ (HCA) के अध्यक्ष मोहम्मद अजहरुद्दीन ने राज्य क्रिकेट संघ की ओर से किसी भी तरह की गड़बड़ी से इनकार किया है।
अद्यतन - सितम्बर 25, 2022 12:41 अपराह्न

पूर्व भारतीय क्रिकेटर आकाश चोपड़ा ने हाल ही में हैदराबाद टिकट विवाद को लेकर अपनी निराशा व्यक्त की है। बता दें, 25 सितंबर को भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीसरा और आखिरी टी-20 मुकाबला खेला जाना है जिसके टिकटों को लेने के लिए हाल ही में क्रिकेट प्रशंसकों को काफी मुश्किलों से गुजरना पड़ा।
प्रशंसकों के लिए आवाज उठाते हुए चोपड़ा ने कहा कि यह वास्तव में भारतीय क्रिकेट के लिए एक दुखद दिन है और जो भी लोग इसके जिम्मेदार हैं उनपर कड़ी से कड़ी कार्यवाही होनी चाहिए। यही नहीं चोपड़ा ने यह सवाल भी उठाया कि आखिर क्यों टिकटों को ऑनलाइन उपलब्ध कराए जाने की जगह ऑफलाइन दिए जाने की योजना बनाई गई।
हमें प्रशंसकों का काफी ध्यान रखना चाहिए: आकाश चोपड़ा
आकाश चोपड़ा ने अपने यूट्यूब चैनल में कहा कि, ‘मैं इस बारे में बात करना चाहूंगा कि जो भी हैदराबाद में हुआ वो काफी दुखद था। टिकट के लिए इतना बवाल फिर लाठीचार्ज और आखिरी में हिंसा, सबसे पहली बात तो यह है कि हमें प्रशंसकों की देखभाल करनी चाहिए। अगर वो लोग ही क्रिकेट से मुंह मोड़ लेंगे तो हम किस बारे में बात करेंगे और किस चीज का उत्सव मनाएंगे।
इसके लिए जो भी जिम्मेदार है उस पर कड़ी से कड़ी कार्यवाही होनी चाहिए। इंसाफ होना चाहिए। हम प्रशंसकों के साथ ऐसा बर्ताव नहीं कर सकते हैं। टिकट खरीदना उनका हक है और मुझे यह बात समझ नहीं आ रही कि आखिर क्यों टिकटों को ऑनलाइन उपलब्ध नहीं कराया गया?’
ये है मामला:
दरअसल 22 सितंबर की सुबह तीसरे टी-20 मैच के टिकट की बिक्री शुरू होनी थी। तमाम प्रशंसक हजारों की तादाद में हैदराबाद जिमखाना ग्राउंड पहुंच गए थे। सुबह 7 बजे से ही लोग लंबी कतार में खड़े हुए थे और तीसरे टी-20 मैच के टिकट लेने का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। एकदम से वहां भगदड़ मच गई जिसके बाद पुलिस के पास इस भगदड़ को रोकने का लाठीचार्ज के अलावा कोई और विकल्प नहीं था। यही बवाल 23 सितंबर को भी दिखा।
इस बीच हैदराबाद क्रिकेट संघ (HCA) के अध्यक्ष मोहम्मद अजहरुद्दीन ने राज्य क्रिकेट संघ की ओर से किसी भी तरह की गड़बड़ी से इनकार किया है। उन्होंने इस बवाल की वजह से घायल हुए प्रशंसकों के लिए सहानुभूति व्यक्त की और आश्वासन दिया कि HCA उनकी देखभाल करेगा।
साथ ही भारत के पूर्व कप्तान ने इस बात की भी पुष्टि की है कि इस बवाल की वजह से मुकाबले में कोई असर नहीं पड़ेगा।