पाकिस्तान के खिलाफ बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले हार्दिक को ICC रैंकिंग में हुआ बड़ा फायदा
पाकिस्तान के खिलाफ बेहतरीन प्रदर्शन करने के बाद भारतीय टीम के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या ICC टी-20 ऑल राउंडर रैंकिंग में 5वें स्थान पर आ चुके हैं।
अद्यतन - अगस्त 31, 2022 4:06 अपराह्न

पाकिस्तान के खिलाफ बेहतरीन प्रदर्शन करने के बाद भारतीय टीम के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या 8 पायदान का छलांग लगाते हुए ICC टी-20 ऑल राउंडर की रैंकिंग में 5वें स्थान पर आ चुके हैं। यह हार्दिक के अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग है।
बता दें, पाकिस्तान के खिलाफ हार्दिक पांड्या ने पहले गेंदबाजी करते हुए 25 रन देकर तीन विकेट झटके और फिर 17 गेंदों में 33* रन की धुआंधार पारी खेली। उनके इस प्रदर्शन की वजह से भारतीय टीम ने इस मुकाबले को 5 विकेट से जीता। टीम को जीत के लिए आखिरी ओवर में 7 रन चाहिए थे और पाकिस्तान की ओर से स्पिनर मोहम्मद नवाज गेंदबाजी कर रहे थे। पांड्या ने नवाज को छक्का जड़ इस मुकाबले में भारत को जीत दिलाई।
वहीं दूसरी ओर, अफगानिस्तान ने अपने दोनों ग्रुप स्टेज मुकाबलों को जीतकर सुपर 4 के लिए क्वालीफाई किया। उन्होंने पहले श्रीलंका को 8 विकेट से मात दी फिर बांग्लादेश को 7 विकेट से हराया। ICC टी-20 रैंकिंग में कई खिलाड़ियों की रैंकिंग में इजाफा हुआ है।
टी-20 गेंदबाजी रैंकिंग में राशिद खान तीसरे नंबर पर पहुंच चुके हैं। उनके अब 708 अंक हैं। पहले स्थान पर ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड (792) है और दूसरे नंबर पर दक्षिण अफ्रीका के स्पिनर तबरेज़ शम्सी (716) मौजूद हैं।
बांग्लादेश के खिलाफ प्लेयर ऑफ द मैच अवार्ड से नवाजे गए मुजीब उर रहमान अब 9वें स्थान पर पहुंच चुके हैं। उनके 660 अंक हैं। बल्लेबाजी रैंकिंग की बात की जाए तो पहले स्थान पर बाबर आजम (810) हैं, दूसरे पर मोहम्मद रिजवान (796) और तीसरे पर सूर्यकुमार यादव (792) का नाम मौजूद है।
ICC टेस्ट रैंकिंग में बेन स्टोक्स ने लगाई लंबी छलांग
ICC टेस्ट रैंकिंग की बात की जाए तो बल्लेबाजी में इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स 18वें पायदान पर आ चुके हैं। वहीं गेंदबाजी में भी उन्हें 5 स्थान का फ़ायदा हुआ है और वो 38वें पायदान पर हैं।
ऑलराउंडर की सूची में बेन स्टोक्स ने दूसरा स्थान हासिल कर लिया है। पहले स्थान पर भारत के रवींद्र जडेजा (384) है। बेन स्टोक्स ने मैनचेस्टर में शानदार शतक जड़ा था और 4 विकेट भी झटके थे जिसकी बदौलत इंग्लैंड ने दक्षिण अफ्रीका को एक पारी और 85 रन से मात दी।