आकाश चोपड़ा ने की बड़ी भविष्यवाणी, WPL 2025 की विजेता टीम को लेकर रख अपना पक्ष - क्रिकट्रैकर हिंदी

आकाश चोपड़ा ने की बड़ी भविष्यवाणी, WPL 2025 की विजेता टीम को लेकर रख अपना पक्ष

महिला प्रीमियर लीग 2025 की शुरुआत 14 फरवरी से होगी।

Mumbai Indians (Photo Source: Getty Images)
Mumbai Indians (Photo Source: Getty Images)

भारत के पूर्व खिलाड़ी आकाश चोपड़ा का मानना है कि महिला प्रीमियर लीग 2025 की विजेता मुंबई इंडियंस होगी। आकाश चोपड़ा ने कहा कि भले ही पिछले सीजन में मुंबई इंडियंस का प्रदर्शन इतना अच्छा ना रहा हो, लेकिन टीम के पास यह काबिलियत है कि वो धमाकेदार वापसी कर सकती है।

बता दें कि, महिला प्रीमियर लीग का पहला सीजन 2023 में खेला गया था, जिसमें मुंबई इंडियंस चैंपियन बनी थी। इस पूरे सीजन में मुंबई इंडियंस का प्रदर्शन बेहतरीन रहा था और तमाम फैंस ने उनकी जमकर प्रशंसा की थी। हालांकि, 2024 सीजन में टीम के खिलाड़ी अपनी छाप छोड़ने में नाकाम रहे और यही वजह है कि फ्रेंचाइजी खिताब से दूर रह गई।

महिला प्रीमियर लीग 2025 की शुरुआत 14 फरवरी से होगी। इस टूर्नामेंट का पहला मैच 14 फरवरी को वडोदरा में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात जायंट्स के बीच में खेला जाएगा। जबकि महिला प्रीमियर लीग 2025 का फाइनल मैच 15 मार्च को मुंबई में होस्ट किया जाएगा।

आकाश चोपड़ा ने स्टार स्पोर्ट्स पर बात करते हुए यह भविष्यवाणी की कि, ‘इस सीजन की आकाशवाणी मुंबई इंडियंस है। मुझे ऐसा लगता है कि हरमनप्रीत कौर की टीम इस बार बेहतरीन प्रदर्शन करने को तैयार है, क्योंकि उनके पास तीन घातक ऑलराउंडर है। पिछले सीजन टीम का प्रदर्शन बहुत ही खराब था और इसी वजह से वो ट्रॉफी अपने नाम नहीं कर पाए। हालांकि आगामी सीजन में टीम काफी मजबूत दिख रही है और टीम धमाकेदार वापसी जरूर करेगी।’

मुंबई इंडियंस टीम को लेकर आकाश चोपड़ा ने रखा अपना पक्ष

पूर्व खिलाड़ी ने आगे कहा कि, ‘मुंबई के पास न्यूज़ीलैंड की अमेलिया केर है। उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया है। इसके बाद फ्रेंचाइजी के पास अनुभवी Natalie Sciver Brunt हैं, जिन्होंने पहले सीजन में धमाकेदार ऑलराउंड प्रदर्शन किया था। वेस्टइंडीज की हेली मैथ्यूज को भी जबरदस्त बल्लेबाजी और गेंदबाजी करते हुए देखा जा सकता है। यह तीनों ही ऑलराउंडर अपने-अपने दिनों में बेहद घातक साबित हो सकती हैं।’

वहीं वेदा कृष्णमूर्ति ने कहा कि महिला प्रीमियर लीग 2025 की ट्रॉफी को दिल्ली कैपिटल्स अपने नाम करेगी। उनका मानना है कि टीम के सभी खिलाड़ी काफी अनुभवी है। यही नहीं उनके घरेलू खिलाड़ियों ने भी शानदार प्रदर्शन किया हुआ है।

close whatsapp