ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले दो वनडे मैचों में सीनियर खिलाड़ियों को आराम देने के फैसले से आकाश चोपड़ा है नाखुश
आकाश चोपड़ा के मुताबिक श्रेयस अय्यर के लिए भी यह बहुत बड़ा मौका है क्योंकि वर्ल्ड कप 2023 में भी उनके इसी प्रदर्शन को देखकर मौके दिए जाएंगे।
अद्यतन - Sep 20, 2023 3:29 pm

पूर्व क्रिकेटर आकाश चोपड़ा की मानें तो ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाली तीन मुकाबलों की वनडे सीरीज के पहले दो वनडे मुकाबलों में भारतीय टीम के सीनियर खिलाड़ियों को आराम नहीं देना चाहिए था। आकाश चोपड़ा के मुताबिक वर्ल्ड कप काफी नजदीक है और टीम के लिए यह बेहद जरूरी है कि साथ मिलकर लगातार मैच खेले।
आकाश चोपड़ा ने अपने आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर बात करते हुए कहा कि, ‘मुझे लगता है कि इस समय टीम के लिए बेहद जरूरी है कि वो एक साथ और लगातार खेलें। पहले केएल राहुल, श्रेयस अय्यर और जसप्रीत बुमराह चोटिल थे और इसी वजह से यह परेशानी थी लेकिन इस समय सभी फिट है।’
उन्होंने आगे कहा कि, ‘बीच में रोहित शर्मा और विराट कोहली ने काफी आराम किया है। उन्होंने पूरे अगस्त महीने नहीं खेलें। सच्चाई यही है कि इंडियन प्रीमियर लीग 2023 के बाद उन्होंने ज्यादा मैच नहीं खेले हैं। दोनों ने वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल खेला और वेस्टइंडीज में दो टेस्ट मैच। इसके बाद जून से लेकर सितंबर के अंत तक उन्होंने ज्यादा क्रिकेट नहीं खेला। मेरी अपनी व्यक्तिगत राय यही है कि अगर उन्होंने साथ में खेला होता तो यह बहुत अच्छी बात होती।’
श्रेयस अय्यर को लेकर आकाश चोपड़ा ने रखा अपना पक्ष
आकाश चोपड़ा के मुताबिक ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले दो वनडे मुकाबलों में कई खिलाड़ियों के लिए काफी अच्छा मौका होगा कि वो अच्छी बल्लेबाजी करें और अपनी टीम को जीत दिलाने में मदद करें। उनके मुताबिक श्रेयस अय्यर के लिए भी यह बहुत बड़ा मौका है क्योंकि वर्ल्ड कप 2023 में भी उनके इसी प्रदर्शन को देखकर मौके दिए जाएंगे।
पूर्व खिलाड़ी ने आगे कहा कि, ‘ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाली सीरीज में ऋतुराज गायकवाड़, सूर्यकुमार यादव और तिलक वर्मा के लिए काफी बड़ा मौका है। अगर इन खिलाड़ियों को मौका मिलता है तो उन्हें अच्छा प्रदर्शन करना बेहद जरूरी है। श्रेयस अय्यर के लिए भी इस सीरीज में अच्छा प्रदर्शन करना बेहद जरूरी है क्योंकि उन्हें एशिया कप के फाइनल में खेलने को नहीं मिला था। सितंबर 27 तक वर्ल्ड कप की टीम में बदलाव हो सकते हैं और पहले दो वनडे मैच में काफी चीज़े निर्भर करेगी।’