दक्षिण अफ्रीका सीरीज में ऋतुराज गायकवाड़ के प्रदर्शन को देखकर बेहद निराश हैं आकाश चोपड़ा
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सीरीज में गायकवाड़ ने 5 मुकाबलों में 19.20 के औसत से मात्र 96 रन बनाए थे।
अद्यतन - Jun 21, 2022 1:35 pm

भारत के पूर्व क्रिकेटर आकाश चोपड़ा का मानना है कि भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच हाल ही में खेली गई टी-20 सीरीज में युवा बल्लेबाज ऋतुराज गायकवाड़ ने बहुत बड़ा मौका हाथ से गंवा दिया है। चोपड़ा का मानना है कि ओपनर के तौर पर वह बेहतरीन प्रदर्शन करके गायकवाड़ टीम इंडिया में अपनी जगह पक्की कर सकते थे।
बता दें,गायकवाड़ ने इस सीरीज के 5 मुकाबलों में 19.20 के औसत से मात्र 96 रन बनाए थे। उन्होंने विशाखापट्टनम में 57 रन की आक्रामक पारी खेली थी लेकिन इसके अलावा उनका प्रदर्शन काफी निराशाजनक रहा है। आकाश चोपड़ा ने अपने यूट्यूब चैनल पर एक वीडियो को साझा किया है जिसमें उन्होंने उन भारतीय खिलाड़ियों का नाम लिया है जिन्होंने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हुई सीरीज में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाए।
https://youtu.be/StR2yf1_MK0
आकाश चोपड़ा ने कहा कि, ‘मैं इस लिस्ट में सबसे पहले ऋतुराज गायकवाड का नाम लेना चाहूंगा क्योंकि ओपनरों की लिस्ट में कई खिलाड़ियों का नाम शामिल था । ये समझिए कि एक पूरी भीड़ टॉप ऑर्डर के लिए एक दूसरे से लड़ रही थी लेकिन इस भीड़ में गायकवाड़ को मौका मिला लेकिन वो इस मौके को भुना नहीं पाए।
उन्होंने आगे कहा कि, ‘कुछ लोगों को लगता है कि विराट कोहली ओपन कर सकते हैं। कोहली अपनी फ्रेंचाइजी (RCB) के लिए ओपन करते हैं इसलिए वो भारतीय टीम से भी ओपनिंग कर सकते हैं। रोहित शर्मा, केएल राहुल और ईशान किशन भी ओपनिंग कर सकते हैं। आखिर कितने खिलाड़ी ओपन करेंगे। सभी खिलाड़ी चाहते हैं कि वो ओपन करें। यहां तक की एक मुकाबले में ऋषभ पंत भी ओपनर की भूमिका निभा चुके हैं।
ऋतुराज गायकवाड़ का प्रदर्शन इस सीरीज में काफी निराशाजनक रहा: आकाश चोपड़ा
आकाश चोपड़ा के मुताबिक, ‘अगर हम पूरी सीरीज की बात करें तो, ऋतुराज गायकवाड़ का प्रदर्शन काफी निराशाजनक था। उन्होंने सभी पांच मुकाबलों में बल्लेबाजी की थी। कुछ खिलाड़ियों ने चार मुकाबले खेले थे। आखिरी मुकाबला बारिश की वजह से पूरा नहीं हो पाया था लेकिन उस मुकाबले में भी ऋतुराज ने बल्लेबाजी की थी और जल्द अपना विकेट गंवा बैठे थे।