‘उनके पैर सिर्फ रील्स बनाने में नहीं बल्लेबाजी में भी चलते हैं’- श्रेयस अय्यर की तारीफ में आकाश चोपड़ा
श्रेयस अय्यर ने श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट और टी-20 दोनों सीरीज में किया था शानदार प्रदर्शन।
अद्यतन - Mar 15, 2022 3:08 pm

टीम इंडिया के युवा बल्लेबाज श्रेयस अय्यर इस वक्त शानदार फॉर्म में चल रहे हैं, हाल ही में समाप्त हुई श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट और टी-20 सीरीज में इस खिलाड़ी ने शानदार प्रदर्शन किया था और क्रिकेट फैंस समेत एक्सपर्ट को अपनी पारी से काफी प्रभावित किया था। इस सीरीज के बाद टेस्ट टीम में भी मध्यक्रम में उनकी जगह लगभग पक्की मानी जा रही है।
इस सीरीज के बाद दुनिया के सभी कोने से उन्हें जमकर तारीफ सुनने को मिल रहा है। अब उस लिस्ट में एक और खिलाड़ी का नाम जुड़ गया है। दरअसल पूर्व क्रिकेटर और मौजूदा कमेंटेटर आकाश चोपड़ा ने श्रीलंका के खिलाफ सीरीज खत्म होने के बाद जमकर तारीफ की है। पूर्व क्रिकेटर के मुताबिक, श्रीलंका के खिलाफ टी-20 सीरीज में अय्यर ने अपने व्यक्तिगत रिकॉर्ड को दूर रखते हुए मैच की परिस्थिति के हिसाब से बल्लेबाजी की थी।
श्रेयस अय्यर की तारीफ में आकाश चोपड़ा का बड़ा बयान
अपने आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर एक वीडियो में आकाश चोपड़ा ने कहा कि, “उन्होंने जिस तरह का विश्वास दिखाया है उससे पता चलता है कि उनके पैर सिर्फ रील बनाने के लिए नहीं पिच पर बल्लेबाजी के लिए भी चलते हैं। वह स्वीप नहीं खेलता है लेकिन इसके बावजूद वह टर्निंग पिच पर रन बनाता है। वह अपनी पोजीशन में खड़े होकर छक्के मारता है, उसने ऐसी दस्तक दी जो आपका दिल जीत ले। उन्होंने जिस दबदबे के साथ खेला वह वाकई काबिले तारीफ था।”
पूर्व क्रिकेटर ने आगे कहा कि, “पिंक बॉल टेस्ट की पहली पारी में 92 रन की पारी और दूसरी में अर्धशतक, दोनों खराब पिच पर आए, मुझे लगता है कि वो सबसे बेहतरीन था। वह नंबर 6 पर बल्लेबाजी कर रहा था, वह नंबर 5 पर नहीं खेल रहा था और मुझे लगता है कि हमने उसे दक्षिण अफ्रीका में मिस किया क्योंकि वहां मध्यक्रम में आपको किसी इन्फॉर्म खिलाड़ी की जरूरत थी, जो उस टीम में मौजूद खिलाड़ियों के पास नहीं थी।”
बता दें कि श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में श्रेयस अय्यर को अजिंक्य रहाणे की जगह टीम में मौका मिला था। जिस तरह का प्रदर्शन उन्होंने टेस्ट सीरीज में किया है उससे उन्होंने रहाणे के लिए टीम में वापसी का रास्ता कठिन बना दिया है।