'जितना सम्मान मिलना चाहिए उतना....'- चेतेश्वर पुजारा के 100वें टेस्ट से पहले आकाश चोपड़ा ने जाहिर की नाराजगी - क्रिकट्रैकर हिंदी

‘जितना सम्मान मिलना चाहिए उतना….’- चेतेश्वर पुजारा के 100वें टेस्ट से पहले आकाश चोपड़ा ने जाहिर की नाराजगी

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे टेस्ट पुजारा के करियर का 100वां टेस्ट मुकाबला होगा।

Cheteshwar Pujara Aakash Chopra (Photo Source: Twitter)
Cheteshwar Pujara Aakash Chopra (Photo Source: Twitter)

भारतीय टीम ऑस्ट्रेलिया के साथ 17 फरवरी से दूसरा टेस्ट मैच दिल्ली के अरूण जेटली स्टेडियम में खेलने के लिए तैयार है। भारत ने पहले मुकाबले में दमदार प्रदर्शन किया था और टीम दूसरे टेस्ट मैच में भी उसी प्रदर्शन को एक बार फिर दोहराना चाहेगी।

भारतीय खिलाड़ी चेतेश्वर पुजारा के लिए दूसरा टेस्ट मैच बहुत ज्यादा अहम रहने वाला है। यह पुजारा के करियर का 100वां टेस्ट मैच होगा, जो किसी भी क्रिकेटर के लिए अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि होती है। इस बीच क्रिकेटर से कमेंटेटर बने आकाश चोपड़ा ने पुजारा के 100वें टेस्ट मैच को लेकर बड़ा बयान दिया है।

लोग उसकी बल्लेबाजी को बोरिंग कहते हैं- आकाश चोपड़ा

चेतेश्वर पुजारा टेस्ट क्रिकेट में भारत के सबसे होनहार खिलाड़ी हैं। पुजारा ने कई मुकाबलों में अपने दमदार प्रदर्शन से भारत को जीत दिलाई है। पुजारा टेस्ट क्रिकेट में 100वां मैच खेलकर नया कीर्तिमान हासिल करने के लिए तैयार है। वहीं अपने यूट्यूब चैनल पर अपलोड किए गए वीडियो में आकाश चोपड़ा ने चेतेश्वर पुजारा की जमकर तारीफ की है।

आकाश चोपड़ा ने कहा कि, ‘आपको चेतेश्वर पुजारा जैसा कोई और नहीं मिलेगा, बहुत लोग कहते हैं वह धीमा खेलते हैं उसकी बल्लेबाजी मजेदार नहीं हैं। अगर आपको मनोरंजन चाहिए तो आप पठान देखिए। अगर आपको बल्लेबाजी करते हुए रन बनाने हैं तो बोरिंग रन के भी मायने होते हैं।’

आकाश चोपड़ा ने आगे बात करते हुए बताया कि, पुजारा को जितना सम्मान और तारीफ मिलना चाहिए उतना उसे नहीं मिला है। ‘पुजारा की तुलना राहुल द्रविड़ से की जाती है। लेकिन मुझे ऐसा लगता है कि पुजारा का भारतीय क्रिकेट में योगदान बहुत बड़ा है। क्योंकि मात्र 13 खिलाड़ियों ने ही 100 टेस्ट मैच खेले हैं और उनमें से मात्र विराट कोहली ही इस वक्त टीम का हिस्सा हैं, इसलिए उसे जितना सम्मान मिलना चाहिए उतना उसे नहीं मिला है।’

हम पुजारा से पिटने के लिए राजकोट जाते थे- आकाश चोपड़ा

चेतेश्वर पुजारा ने भारत के लिए अब तक 99 टेस्ट मैचों में 44.15 की औसत से 7021 रन बानए हैं। आकाश चोपड़ा ने आगे बात करते हुए ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पुजारा के रिकॉर्ड की बात की। पुजारा ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 21 टेस्ट मैचों में 52.77 के औसत के साथ 1900 रन बनाए हैं।

आकाश चोपड़ा ने पुजारा के बारे में आगे बात करते हुए कहा, ‘मैं उसके लंबे समय से जानता हूं जब सौराष्ट्र और दिल्ली के बीच मैच खेला जाता था। उस वक्त ऐसा होता था हम राजकोट मैच खेलने नहीं पुजारा से पिटने के लिए जाते थे। वह आउट ही नहीं होता था, ऐसा कोई गेंदबाज नहीं होता था जो उससे मार नहीं खाता था।’

close whatsapp