गिल और गायकवाड़ को देखकर ऐसा लगा जैसे भारत का भविष्य बल्लेबाजी कर रहा है- पूर्व क्रिकेटर ने दिया बड़ा बयान
गिल और गायकवाड़ ने पहले विकेट के लिए 142 जोड़े।
अद्यतन - Sep 23, 2023 4:58 pm

पूर्व भारतीय बल्लेबाज आकाश चोपड़ा ने शुक्रवार, 22 सितंबर को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मोहाली में पहले वनडे में शानदार ओपनिंग साझेदारी करने के लिए रुतुराज गायकवाड़ और शुभमन गिल की प्रशंसा की। उन्होंने इस जोड़ी की सराहना करते हुए कहा कि, इस साझेदारी ने भारत की बल्लेबाजी के भविष्य की झलक दी।
द मेन इन ब्लू ने शुक्रवार को तीन मैचों की सीरीज के शुरुआती वनडे में ऑस्ट्रेलियाई टीम को पांच विकेट से हराया। टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करते हुए भारत ने शानदार गेंदबाजी की। भारत की ओर से सबसे सफल गेंदबाज मोहम्मद शमी रहे, उन्होंने 51 रन देकर पांच विकेट अपने नाम किए और ऑस्ट्रेलिया को 276 रन पर रोक दिया। इसके बाद गायकवाड़ और गिल ने 24.1 ओवर में पहले विकेट के लिए 142 रन जोड़कर भारत के लिए जीत का रास्ता आसान कर दिया।
शुभमन गिल और ऋतुराज गायकवाड़ को लेकर आकाश चोपड़ा ने दिया बड़ा बयान
अपने यूट्यूब चैनल पर बोलते हुए, चोपड़ा ने शानदार ओपनिंग साझेदारी पर अपने विचार साझा किए और बल्लेबाजों की सही तकनीक से विशेष रूप से प्रभावित हुए। उन्होंने कहा कि, “रुतुराज गायकवाड़ को बहुत कम मौके मिलते हैं। जब तक रोहित शर्मा खेल रहे हैं और शुभमन गिल उनके साथ हैं, तब तक उनकी संभावनाएं कम और बीच-बीच में रहेंगी।
अगर कोई चोटिल है या आराम कर रहा है तो उसे मौका मिल सकता है। जब रुतुराज और शुभमन बल्लेबाजी कर रहे थे तो ऐसा लग रहा था जैसे भारत का भविष्य बल्लेबाजी कर रहा है. दोनों सही बल्लेबाज हैं और उनको देखना काफी अच्छा लगता है।”
पूर्व सलामी बल्लेबाज ने आगे कहा कि, “शुभमन गिल बिल्कुल सनसनीखेज थे। उन्होंने जिस दबदबे वाले अंदाज में बल्लेबाजी की, वह वाकई एक बहुत अच्छे खिलाड़ी के रूप में अपनी पहचान बना रहे हैं। यह एक शानदार शुरुआती साझेदारी थी।” आपको बता दें कि इस मैच में गिल और गायकवाड़ ने अपना अर्धशतक लगाया लेकिन इसे वो शतक में तब्दील नहीं कर पाए।