आकाश चोपड़ा की भारतीय आदर्श वनडे XI में शिखर धवन और सूर्यकुमार यादव को नहीं मिली जगह
आकाश चोपड़ा ने बेहतरीन सलामी बल्लेबाज इशान किशन को अपनी XI में जगह दी है।
अद्यतन - दिसम्बर 12, 2022 4:38 अपराह्न

पूर्व क्रिकेटर आकाश चोपड़ा ने अपनी भारतीय आदर्श वनडे XI का ऐलान किया है। इस भारतीय वनडे XI में अनुभवी बल्लेबाज शिखर धवन और विस्फोटक बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव को जगह नहीं मिली है। हाल ही में संपन्न हुई बांग्लादेश के खिलाफ तीन मुकाबलों की वनडे सीरीज के बाद चोपड़ा ने इस वनडे XI की घोषणा की। बता दें, भारत इस तीन मुकाबलों की वनडे सीरीज को 1-2 से हारे थे।
आकाश चोपड़ा ने बेहतरीन सलामी बल्लेबाज इशान किशन को अपनी XI में जगह दी है। किशन ने तीसरे और अंतिम वनडे मुकाबले में बेहतरीन मैच जिताऊ दोहरा शतक जड़ा था।
इशान किशन का प्रदर्शन काबिल के पात्र है: आकाश चोपड़ा
आकाश चोपड़ा ने अपने यूट्यूब चैनल में कहा कि, ‘रोहित शर्मा के साथ सिर्फ इशान किशन ही ओपनिंग करते हुए नजर आ सकते हैं। उन्होंने यह जगह खुद ही बनाई है। बांग्लादेश के खिलाफ उन्होंने शानदार दोहरा शतक जड़ा जिसके बाद उन्हें इस XI से बाहर नहीं किया जा सकता। ओपनिंग में रोहित शर्मा और इशान किशन, नंबर 3 पर विराट कोहली और नंबर 4 पर श्रेयस अय्यर। मैं अय्यर को अपनी टीम से बाहर नहीं करूंगा।
हार्दिक पांड्या 6 पर आएंगे, लेकिन राहुल सूर्यकुमार यादव से आगे खेलेंगे तो इसीलिए मैं नंबर पांच पर राहुल को बल्लेबाजी करते हुए देखना चाहूंगा। सूर्यकुमार यादव और शिखर दोनों मुझे माफ करिए लेकिन आप इस दल में नहीं है।’
गेंदबाजी डिपार्टमेंट में आकाश चोपड़ा ने वाशिंगटन सुंदर और जडेजा को जगह दी है। उन्होंने आगे कहा कि, ‘इसके बाद वाशिंगटन सुंदर और अक्षर पटेल और रवींद्र जडेजा में जो फिट होगा उसको शामिल करूंगा। अगर जडेजा फिट रहते हैं तो वो ही इस XI में आएंगे। यह रहे दो स्पिनर। इसके बाद कुलदीप यादव और युजवेंद्र चहल में किसी एक को जरूर रखना चाहूंगा और दूसरे को किसी और दल में।’
यह रही आकाश चोपड़ा की भारतीय आदर्श वनडे XI:
रोहित शर्मा, इशान किशन, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल, हार्दिक पांड्या, वॉशिंगटन सुंदर, अक्षर पटेल/ रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव/ युजवेंद्र चहल, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज