लगातार कप्तानी को लेकर आलोचना झेल रहे बाबर आजम ने अपने आलोचकों को दिया करारा जवाब - क्रिकट्रैकर हिंदी

लगातार कप्तानी को लेकर आलोचना झेल रहे बाबर आजम ने अपने आलोचकों को दिया करारा जवाब

'कभी-कभी हम उतना अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाते पर हम उसको लेकर बातचीत करते हैं और सोचते हैं कि कहां हम अच्छा कर सकते हैं': बाबर आजम

Babar Azam (Photo Source: Twitter)
Babar Azam (Photo Source: Twitter)

पाकिस्तान टीम के कप्तान बाबर आजम पिछले कुछ समय से अपनी कप्तानी को लेकर सवालों के घेरे में रहे हैं। पहले एशिया कप 2022 के फाइनल में उन्हें श्रीलंका के हाथों हार झेलनी पड़ी, इसके बाद उन्हें अपने ही घर में इंग्लैंड के खिलाफ सात मुकाबलों की टी-20 सीरीज में 3-4 से हार का सामना करना पड़ा। इस समय टीम न्यूजीलैंड में त्रिकोणीय सीरीज खेल रही है और इस सीरीज में भी उन्हें मेजबान के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा।

बाबर आजम की कप्तानी को लेकर कई तरह के सवाल उठाए जा रहे हैं। हाल ही में एक पत्रकार ने पाकिस्तानी कप्तान की कप्तानी को लेकर सवाल किया जिसका जवाब बाबर आजम ने काफी बेहतरीन तरीके से दिया। आज यानी 13 अक्टूबर को बांग्लादेश के खिलाफ खेले गए मुकाबले में पाकिस्तान ने शानदार जीत दर्ज की और अब उन्हें कल यानी 14 अक्टूबर को न्यूजीलैंड के खिलाफ त्रिकोणीय सीरीज का फाइनल मुकाबला खेलना है।

कोशिश यही रहती है कि हम अपना शत-प्रतिशत दें और मुकाबले को जीते: बाबर आजम

बाबर आजम से उनकी आलोचना को लेकर सवाल पूछा गया जिसका जवाब पाकिस्तानी कप्तान ने काफी बेहतरीन तरीके से दिया।

बांग्लादेश के खिलाफ खेले गए मुकाबले के बाद बाबर आजम ने कहा कि, ‘मुझे नहीं पता कि आप किसकी बात कर रहे हैं। जिसका नाम लिया है मैं उनको जानता भी नहीं। यह चीजें चलती है, अच्छा भी करते हैं तो भी चलती है। लेकिन हम सब इन चीजों को ज्यादा दिल से नहीं लगाते। कोशिश करते हैं कि जितना विश्वास टीम को दिया जाए और जितनी एकता बनी हुई है उसको चलाते रहे।’

पाकिस्तानी कप्तान ने आगे कहा कि, ‘कोशिश यही रहती है कि हम अपना शत-प्रतिशत दें और मैच जीते। कभी-कभी हम उतना अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाते पर हम उसको लेकर बातचीत करते हैं और सोचते हैं कि कहां हम अच्छा कर सकते हैं।’

बता दें, त्रिकोणीय सीरीज में पाकिस्तान टीम ने अभी तक काफी कमाल का प्रदर्शन किया है। उन्होंने इस सीरीज में 4 मैच खेले जिनमें से 3 में उन्होंने जीत दर्ज की। फाइनल मुकाबला क्राइस्टचर्च में खेला जाएगा और इस मैच को पाकिस्तान टीम अपने नाम करना चाहेगी।

close whatsapp