राशिद खान की हर 9वीं गेंद होती है खतरनाक, जानिए कैसे?
अद्यतन - फरवरी 6, 2019 9:32 पूर्वाह्न

अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के कप्तान का नाम भले ही आप नहीं जानते हो, लेकिन इस देश के जादुई स्पिनर राशिद खान का नाम सभी जानते हैं। अपने स्पिन के जाल में वे दुनिया के दिग्गज बल्लेबाजों को फंसा चुके हैं। विराट कोहली जैसे बल्लेबाज उन्हें बहुत सावधानी से खेलते हैं। राशिद यदि अफगानिस्तान के बजाय किसी और देश के लिए खेल रहे होते तो उनका रिकॉर्ड और भी बेहतर होता क्योंकि उन्हें खेलने के ज्यादा अवसर मिलते।
यदि टॉप 5 स्पिन गेंदबाजों के स्ट्राइक रेट की बात की जाए तो राशिद टॉप पर हैं। उन्होंने 8 मैचों में 22 विकेट लिए हैं और उनका स्ट्राइक रेट 9 का है। यानी उन्हें हर 9वीं गेंद पर एक विकेट मिलता है। है ना कमाल का प्रदर्शन। स्ट्राइक रेट के मामले में भारत के कुलदीप यादव दूसरे नंबर पर हैं। उन्हें हर 10वीं गेंद पर एक विकेट मिलता है।
वैसे दुनिया भर के स्पिनर्स टी20 में शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। कभी ये माना जाता था कि स्पिनर्स क्रिकेट के इस फॉर्मेट के लिए ठीक नहीं है। उनकी धुनाई हो सकती है, लेकिन स्पिनर्स ने इस धारणा को गलत साबित किया। वे बेहद चालाकी से गेंदबाजी करते हैं। रन भी कम देते हैं और विकेट भी निकालते रहते हैं। टी20 के टॉप 12 गेंदबाजों में से 11 स्पिनर्स है जो स्पिनर्स के दबदबे को साबित करते हैं।
एक जनवरी 2016 से अब तक के स्पिनर्स के टी20 प्रदर्शन को देखा जाए तो अफगानिस्तान के
स्पिनर्स टॉप पर हैं। वे हर 13वीं गेंद पर विकेट ले रहे हैं। भारतीय स्पिनर्स का स्ट्राइक रेट 16 है। श्रीलंका (17) और इंग्लैंड-पाकिस्तान के स्पिनर्स का स्ट्राइक रेट 18 है। भारत के तेज गेंदबाज हर 19वीं गेंद पर विकेट ले रहे हैं।
स्पिनर्स के इस प्रदर्शन को देखते हुए सभी टीम स्पिनर्स को खिलाने पर जोर दे रही हैं। राशिद खान, कुलदीव यादव, युजवेंद्र चहल, शादाब खान, शकिब जैसे गेंदबाजों का प्रदर्शन स्पिनर्स के महत्व को रेखांकित करता है।