श्रीलंका के खिलाफ सीरीज से पहले ऑस्ट्रेलिया को लगा बड़ा झटका, पैट कमिंस के बाद यह शानदार तेज गेंदबाज भी हुआ बाहर! - क्रिकट्रैकर हिंदी

श्रीलंका के खिलाफ सीरीज से पहले ऑस्ट्रेलिया को लगा बड़ा झटका, पैट कमिंस के बाद यह शानदार तेज गेंदबाज भी हुआ बाहर!

रिपोर्ट की मानें तो ऑस्ट्रेलिया के चयनकर्ता जोश हेजलवुड को लेकर जल्दबाजी नहीं करना चाहते हैं।

Josh Hazlewood (Pic Source-Twitter)
Josh Hazlewood (Pic Source-Twitter)

ऑस्ट्रेलिया ने हाल ही में भारत के खिलाफ 5 मैचों की बॉर्डर-गावस्कर टेस्ट सीरीज को 3-1 से अपने नाम किया। इस टेस्ट सीरीज में ऑस्ट्रेलिया के सभी खिलाड़ियों ने काफी अच्छा प्रदर्शन किया और अपनी टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।

अब ऑस्ट्रेलिया को श्रीलंका के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेलनी है। हालांकि, आगामी टेस्ट सीरीज में ऑस्ट्रेलिया की ओर से जोश हेजलवुड का खेलना बहुत ही मुश्किल लग रहा है। दरअसल, टीम इंडिया के खिलाफ खेली गई टेस्ट सीरीज के दौरान जोश हेजलवुड चोटिल हो गए थे और इस कारण से वह मेलबर्न और सिडनी टेस्ट मैच में नहीं खेल पाए थे।

रिपोर्ट की मानें तो ऑस्ट्रेलिया के चयनकर्ता जोश हेजलवुड को लेकर जल्दबाजी नहीं करना चाहते हैं। भारत के खिलाफ टेस्ट सीरीज जीत के बाद ऑस्ट्रेलिया ने वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2023-25 के फाइनल में क्वालीफाई कर लिया है और तब तक जोश हेजलवुड भी पूरी तरह से फिट हो जाएंगे।

आपको बता दें कि जोश हेजलवुड की जगह बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में भारत के खिलाफ स्कॉट बोलैंड ने भाग लिया था और उनका प्रदर्शन बेहतरीन रहा था। स्कॉट बोलैंड ने बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी 2024-25 में तीन मैच में भाग लिया जिसमें उन्होंने 10 विकेट झटके।

पैट कमिंस श्रीलंका टेस्ट सीरीज का नहीं होंगे हिस्सा

ऑस्ट्रेलिया टीम के कप्तान पैट कमिंस भी श्रीलंका के खिलाफ आगामी टेस्ट सीरीज में खेलते हुए नजर नहीं आएंगे। दरअसल, पैट कमिंस पिता बनने वाले हैं और यही वजह है कि वो श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज को मिस कर सकते हैं।

पैट कमिंस की जगह मिचेल स्टार्क को आगामी टेस्ट सीरीज में गेंदबाजी लाइनअप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए देखा जा सकता है। स्कॉट बोलैंड भी श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में धमाकेदार प्रदर्शन करते हुए नजर आएंगे।

close whatsapp