‘रिंकू सिंह टीम इंडिया के अगले युवराज सिंह बन सकते हैं’- पूर्व भारतीय क्रिकेटर का चौंकाने वाला बयान
IPL 2023 में रिंकू सिंह ने कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के लिए शानदार प्रदर्शन किया था।
अद्यतन - अगस्त 19, 2023 5:46 अपराह्न

पूर्व भारतीय विकेटकीपर किरण मोरे ने टीम इंडिया के युवा बल्लेबाज रिंकू सिंह को लेकर बड़ा बयान दिया है। रिंकू ने शुक्रवार, 18 अगस्त को डबलिन में आयरलैंड के खिलाफ पहले टी20 मैच में भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू किया और इसको देख कर किरण मोरे काफी खुश हुए।
रिंकू ने आईपीएल 2023 सीज़न में कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के लिए फिनिशर की भूमिका निभाई। उन्होंने इस सीजन में लगभग 150 की स्ट्राइक रेट से 474 रन बनाए। इस बीच कई पूर्व क्रिकेटर का ये भी मानना है कि, रिंकू सिंह आगे जाकर टीम इंडिया के लिए एमएस धोनी या युवराज सिंह जैसा फिनिशर बन सकते हैं।
रिंकू सिंह टीम इंडिया के अगले युवराज सिंह बन सकते हैं- किरण मोरे
जियो सिनेमा पर बोलते हुए, किरण मोरे ने रिंकू सिंह की क्षमता के बारे में कहा कि, “मैं भारतीय टीम में उनके मौके का इंतजार कर रहा हूं। और वह बल्लेबाजी में नंबर 5 और 6 पर अच्छा प्रदर्शन करेगा। वो एक शानदार फिनिशर बन सकता है। हम सभी ने एमएस धोनी और युवराज सिंह को देखा है। उसके बाद हमें उनके जैसा कोई खिलाड़ी नहीं मिला। रिंकू एक शानदार फील्डर भी हैं और मैंने उन्हें घरेलू क्रिकेट में भी देखा है, मुझे लगता है कि उनमें काफी सुधार हुआ है।”
आपको बता दें कि जियो सिनेमा के इस शो में अभिषेक नायर भी मौजूद थे। उन्होंने भी माना कि, रिंकू अगर जाकर टीम इंडिया के लिए मध्य क्रम का एक महत्वपूर्ण हिस्सा बन सकते हैं। उन्होंने रिंकू के साथ केकेआर में छह साल तक काम किया है और उनका मानना है कि रिंकू की मौजूदगी से कप्तान हार्दिक पांड्या को ऊपरी क्रम में बल्लेबाजी करने की आजादी मिल सकती है।
नायर ने कहा कि, “हार्दिक पांड्या एक बल्लेबाज की भूमिका में आ रहे हैं और ऊपरी क्रम में खेल रहे हैं, आपको निचले क्रम में किसी ऐसे व्यक्ति की जरूरत है जो आपके लिए मैच खत्म कर सके। आपके पास इसके लिए अक्षर पटेल जैसा कोई है, लेकिन रिंकू बिल्कुल तैयार है। इसलिए रिंकू के प्रति वही दृष्टिकोण होना चाहिए जो हम तिलक वर्मा को लेकर देख रहे हैं।”