जानिए भारतीय हॉकी टीम के कांस्य पदक जीतने के बाद क्यों धोनी का ट्वीट हुआ वायरल - क्रिकट्रैकर हिंदी

जानिए भारतीय हॉकी टीम के कांस्य पदक जीतने के बाद क्यों धोनी का ट्वीट हुआ वायरल

महेंद्र सिंह धोनी का 3 अक्टूबर 2014 में भारतीय हॉकी टीम को लेकर किया गया ट्वीट वायरल हो रहा है।

MS Dhoni World Cup 2011. (Photo Source: Getty Images)
MS Dhoni World Cup 2011. (Photo Source: Getty Images)

भारतीय हॉकी टीम को ओलंपिक में अपना अगला पदक जीतने के लिए 41 साल लंबा इंतजार करना पड़ा, जिसमें उन्होंने टोक्यो ओलंपिक 2020 में जर्मनी के खिलाफ कांस्य पदक मुकाबले को 5-4 से अपने नाम करते हुए इतिहास रच दिया। इस मौके पर उन्हें पूरे देश से लगातार बधाई दी जा रही है।

इस जीत के बाद जहां पूरा देश खुश है तो वहीं भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और विकेटकीपर बल्लेबाज महेंद्र सिंह धोनी का भी एक 7 साल पुराना ट्वीट काफी तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल होते देखा जा सकता है। धोनी ने यह ट्वीट 3 अक्टूबर 2014 को किया था, जब भारतीय हॉकी टीम ने एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल जीता था।

इसी दिन चेन्नई सुपर किंग्स की टीम ने चैंपियंस लीग टूर्नामेंट में पंजाब किंग्स के खिलाफ सेमीफाइनल मुकाबले में जीत हासिल करते हुए फाइनल में अपनी जगह को पक्का किया था। धोनी अपनी टीम चेन्नई और भारतीय हॉकी टीम दोनों के प्रदर्शन पर खुशी व्यक्त करते हुए देखे गए थे।

धोनी ने ट्वीट करते हुए लिखा कि, इस खास दिन पर मैं सिर्फ चेन्नई सुपर किंग्स के फाइनल में पहुंचने से खुश नहीं हूं बल्कि भारतीय हॉकी टीम ने गोल्ड मेडल जीता है उसकी भी खुशी है और यह हम सभी के लिए एक गर्व करने का मौका है।

यहां पर देखिए धोनी के उस ट्वीट को:

भारतीय क्रिकेट के महान कप्तानों की श्रेणी में आते हैं

महेंद्र सिंह धोनी की गिनती भारतीय क्रिकेट के महान कप्तानों में की जाती है। अपने 15 साल के करियर के दौरान धोनी ने 90 टेस्ट, 350 वनडे और 98 टी-20 मैच भारतीय टीम के लिए खेले हैं। धोनी ने जहां टेस्ट क्रिकेट में 4,876 रन बनाए हैं तो वहीं वनडे में उनके नाम 10,773 रन दर्ज हैं, जबकि टी-20 में धोनी ने भारत के लिए 1617 रन बनाए हैं।

भारतीय टीम ने धोनी की कप्तान में काफी सफलता हासिल की जिसमें साल 2007 के टी-20 वर्ल्ड कप के बाद 2011 का वनडे वर्ल्ड और 2103 में हुई चैंपियंस ट्रॉफी में जीत धोनी की ही कप्तानी में आई थी। इसके अलावा धोनी ने चेन्नई सुपर किंग्स की कप्तानी करते हुए उसे आईपीएल की सबसे मजबूत टीमों में से एक बनाया है।

close whatsapp