अहमद शहजाद ने घरेलू टूर्नामेंट से नाम लिया वापिस, PCB पर लगाए ‘पक्षपात, झूठे वादे और अन्याय’ जैसे गंभीर आरोप
करीब 5 साल से पाकिस्तान क्रिकेट टीम से बाहर चल रहे हैं शहजाद
अद्यतन - अगस्त 30, 2024 7:55 अपराह्न

पाकिस्तानी क्रिकेटर अहमद शहजाद (Ahmad Shahzad) ने घरेलू क्रिकेट टूर्नामेंट चैंपियंस कप (Champion Cup) में ना खेलने का फैसला किया है। इसके लिए उन्होंने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) को जिम्मेदार ठहराया है और बोर्ड पर पक्षपात, झूठे वादे और अन्याय जैसे संगीन आरोप लगाए हैं।
इसके अलावा उन्होंने हाल में ही पीसीबी द्वारा लाॅन्च की गई नई मेंटरशिप स्कीम की भी आलोचना की है, जिसके तहत पूर्व पाकिस्तानी खिलाड़ी वकार यूनिस, मिस्बाह उल हक, शोएब मलिक, सकलैन मुश्ताक और सरफराज अहमद पांच अलग-अलग टीमों के साथ 3 साल के लिए काम करते हुए नजर आएंगे। इस स्कीम में 5 मिलियर डाॅलर खर्च होंगे, लेकिन शहजाद का मानना है कि देश में महंगाई और गरीबी के बाद PCB का यह फैसला सिर्फ और सिर्फ पैसों की बर्बादी है।
अहमद शहजाद PCB पर लगाए संगीन आरोप
बता दें कि हाल में ही पाकिस्तान के घरेलू टूर्नामेंट चैंपियंस कप में ना खेलने को लेकर अहमद शहजाद ने जानकारी, अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट से एक पोस्ट के माध्यम से दी है। इस पोस्ट में शहजाद ने लिखा- भारी मन से मैंने घरेलू क्रिकेट चैंपियंस कप में नहीं खेलने का फैसला किया है। PCB का पक्षपात, झूठे वादे और घरेलू खिलाड़ियों के प्रति अन्याय अस्वीकार्य है।
ऐसे समय में जब पाकिस्तान महंगाई, गरीबी और बड़े पैमाने पर बिजली बिलों से जूझ रहा है, PCB कुछ नहीं करने और मौजूदा टीम में असफल खिलाड़ियों को पुरस्कृत करने के लिए सलाहकारों पर 5 मिलियन रुपये बर्बाद कर रहा है, जिन्होंने पाकिस्तान क्रिकेट को सर्वकालिक नीचे स्तर पर पहुंचाया है।
यह और भी अपमानजनक है कि PCB का दावा है कि उनके पास ‘सर्जरी के लिए उपकरण’ नहीं हैं, जो घरेलू खिलाड़ियों के लिए बहुत बड़ा अपमान है। एक पाकिस्तानी और सच्चे क्रिकेट प्रेमी के रूप में, मैं ऐसी प्रणाली का समर्थन नहीं कर सकता जिसमें योग्यता का कोई मूल्य नहीं है। मैं इस असफल सेटअप का हिस्सा बनने से इनकार करता हूं।
देखें अहमद शहजाद की यह पोस्ट
With a heavy heart, I've decided not to play in the Domestic Cricket Champions Cup. The PCB's favoritism, false promises, and injustice towards domestic players are unacceptable. In a time when Pakistan is struggling with inflation, poverty, and massive electricity bills, the PCB…
— Ahmad Shahzad 🇵🇰 (@iamAhmadshahzad) August 30, 2024
दूसरी ओर, 32 वर्षीय शहजाद के क्रिकेट करियर के बारे में आपको जानकारी दूं तो उन्होंने पाकिस्तान के लिए 13 टेस्ट, 81 वनडे और 59 टी20 मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 982 टेस्ट, 2605 वनडे और 1471 टी20 रन बनाए हैं। 2019 से वह पाकिस्तानी टीम से बाहर चल रहे हैं।