उनके पास मौका है टीम इंडिया में वापस जगह बनाने का- WTC फाइनल से पहले अजिंक्य रहाणे को लेकर बोले सुनील गावस्कर
सुनील गावस्कर ने कहा कि, मैं उम्मीद करता हूं कि अजिंक्य रहाणे फिर से भारतीय टीम में अपनी जगह बना सकेंगे।
अद्यतन - Jun 1, 2023 6:57 pm

चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाड़ी अजिंक्य रहाणे ने आईपीएल के 16वें सीजन में काफी बेहतरीन प्रदर्शन किया है। वहीं उनके इस फॉर्म को देखते हुए वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल के लिए टीम इंडिया में उन्हें मौका दिया गया है। दरअसल अजिंक्य रहाणे ने टेस्ट फॉर्मेट में भारत के बाहर काफी अच्छा प्रदर्शन किया है।
वहीं टीम इंडिया के पूर्व खिलाड़ी सुनील गावस्कर ने भी अजिंक्य रहाणे के फॉर्म को लेकर बड़ा बयान दिया है। दरअसल उनका कहना है कि, उनके (अजिंक्य रहाणे) पास एक बेहतरीन मौका है टीम इंडिया में वापस से अपनी जगह बनाने के लिए। वह जिस तरह के फॉर्म में हैं उम्मीद है कि वह WTC फाइनल में काफी बढ़िया परफॉर्म करेंगे।
अजिंक्य रहाणे के पास यह सुनहरा मौका है- सुनील गावस्कर
बता दें स्टार स्पोर्ट्स पर बातचीत करते हुए सुनील गावस्कर ने कहा कि, उन्हें इंग्लैंड में खेलने का बहुत अनुभव है। इंग्लैंड में काफी रन बनाए हैं। इसलिए हां मुझे लगता है वह पांचवें नंबर पर टीम के लिए बहुत अहम खिलाड़ी साबित होंगे। मुझे अभी भी लगता है कि उनमें काफी क्रिकेट बचा है और उनके पास यह सुनहरा मौका है।
उन्होंने अपनी बात को जारी रखते हुए आगे कहा कि, मैं उम्मीद करता हूं कि वह अपने अनुभव से इस मौके का फायदा जरूर उठा सकेंगे और फिर से भारतीय टीम में अपनी जगह बना सकेंगे। बता दें अजिंक्य रहाणे ने टीम इंडिया में मौका नहीं मिलने पर घरेलू क्रिकेट में खेला था और वहां उनका प्रदर्शन काफी अच्छा रहा था। इस दौरान उन्होंने रणजी ट्रॉफी में मुंबई की टीम का नेतृत्व भी किया था। फिर उन्हें CSK फ्रेंचाइजी ने अपनी टीम में शामिल किया।
बता दें अजिंक्य रहाणे CSK की उम्मीद पर खड़े उतरे। उन्होंने आईपीएल 2023 में CSK की ओर से खेलते हुए 14 पारियों में 172.48 की स्ट्राइक रेट से 326 रन बनाए। जिसमें दो अर्धशतक भी शामिल है। वहीं WTC फाइनल का मुकाबला भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच 7 जून से 11 जून के बीच लंदन के ओवल स्टेडियम में खेला जाएगा।