IPL 2022: पंजाब किंग्स के खिलाफ अजिंक्य रहाणे की बल्लेबाजी को लेकर आकाश चोपड़ा ने दिया बड़ा बयान
अजिंक्य रहाणे ने आईपीएल 2022 सीजन के पहले मैच में CSK के खिलाफ 44 रनों की अहम पारी खेली थी।
अद्यतन - अप्रैल 2, 2022 6:54 अपराह्न

कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2022 सीजन में अपना पहला मैच चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के खिलाफ 26 मार्च को खेला था। उस दौरान KKR की तरफ से शानदार बल्लेबाजी देखने को मिली थी लेकिन दूसरे मैच में KKR की टीम रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) के खिलाफ पूरे 20 ओवर भी नहीं खेल सकी और 128 रनों पर ही सिमट गई।
वहीं 1 अप्रैल को KKR ने पंजाब किंग्स के खिलाफ एक छोटे स्कोर का सफलतापूर्वक पीछा किया और मैच को जीतकर अंकतालिका में शीर्ष पर जगह बना ली है। हलांकि पंजाब किंग्स के खिलाफ भी KKR के बल्लेबाज संघर्ष करते नजर आये, KKR ने 51 रनों पर अपने 4 विकेट खो दिए थे। लेकिन उसके बाद सैम बिलिंग्स और आंद्रे रसेल ने एक अटूट साझेदारी की और टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई।
इस बीच पूर्व भारतीय क्रिकेटर आकाश चोपड़ा ने KKR की बल्लेबाजी क्रम को लेकर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने दांए हाथ के बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे पर भी टिप्पणी की है। आपको बता दें, अजिंक्य रहाणे ने CSK के खिलाफ पहले मैच में 44 रनों की अहम पारी खेली थी लेकिन उसके बाद दोनों मैचों में कुछ खास नहीं कर सके।
“अजिंक्य रहाणे ने अपना विकेट दो बार गंवाया”- आकाश चोपड़ा
आकाश चोपड़ा ने यूट्यूब पर साझा किये एक वीडियो में KKR की बल्लेबाजी क्रम को लेकर कहा “पंजाब के खिलाफ मैच में KKR का दिन अच्छा हो सकता था। टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उन्हें बेहतर प्रदर्शन करना चाहिए था। वेंकटेश अय्यर अभी फॉर्म में नहीं हैं और कोलकाता के लिए यह अच्छी खबर नहीं है। हालांकि अजिंक्य रहाणे पहले मैच में अच्छी फॉर्म में थे लेकिन उन्होंने पिछले 2 मैचों में दो बार अपना विकेट तोहफे में दिया है।”
उन्होंने रहाणे को लेकर आगे कहा “वह एक अच्छी पारी की तलाश में रहते हैं लेकिन उसके बाद वह आउट हो जाते हैं। हालांकि रहाणे ने CSK के खिलाफ 44 बनाये थे लेकिन उसके बाद दूसरे और तीसरे मैच में 12 और 9 रन ही बना सके जो अच्छा नहीं है। पंजाब के खिलाफ रहाणे ने दो या तीन बहुत अच्छे चौके लगाये थे। वहीं दूसरी तरफ वेंकटेश हिट करने का प्रयास करते हैं और गेंद सीधे ओडियन स्मिथ के हाथ में जाती है।”