लीसेस्टरशायर की ओर से फिलहाल खेलते हुए नजर नहीं आएंगे अजिंक्य रहाणे, सामने आई बड़ी वजह - क्रिकट्रैकर हिंदी

लीसेस्टरशायर की ओर से फिलहाल खेलते हुए नजर नहीं आएंगे अजिंक्य रहाणे, सामने आई बड़ी वजह

लीसेस्टरशायर के डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट क्लॉड हेंडरसन ने कहा कि क्लब अजिंक्य रहाणे के फैसले को अच्छी तरह से समझता है और अब उनकी अनुपलब्धता में पीटर हैंडस्कॉन्ब को टीम में शामिल किया जाएगा।

Ajinkya Rahane (Photo Source: Twitter)
Ajinkya Rahane (Photo Source: Twitter)

घरेलू क्रिकेट में बेहतरीन प्रदर्शन करने के बाद लीसेस्टरशायर ने अजिंक्य रहाणे को टीम में शामिल किया था। अजिंक्य रहाणे को रॉयल लंदन वनडे कप में खेलना था लेकिन वर्कलोड को कम करने की वजह से अब भारतीय बल्लेबाज इस टूर्नामेंट में खेलते हुए नजर नहीं आएंगे।

जब लीसेस्टरशायर ने अजिंक्य रहाणे को टीम में शामिल किया था तब ऐसा लग रहा था कि उनका अंतरराष्ट्रीय करियर खत्म हो गया है क्योंकि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने इस खिलाड़ी को केंद्रीय अनुबंध ऑफर नहीं किया था। हालांकि इंडियन प्रीमियर लीग 2023 में जबरदस्त प्रदर्शन करने के बाद उन्हें वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में भारतीय टीम में शामिल किया गया।

अब ऐसा लग रहा है कि अजिंक्य रहाणे टेस्ट फॉर्मेट में भारतीय टीम से लगातार खेलते हुए नजर आएंगे और इसी वजह से उन्होंने लीसेस्टरशायर टीम से हटने का मन बना लिया है। लीसेस्टरशायर के डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट क्लॉड हेंडरसन ने कहा कि क्लब अजिंक्य रहाणे के फैसले को अच्छी तरह से समझता है और अब उनकी अनुपलब्धता में पीटर हैंडस्कॉन्ब को टीम में शामिल किया जाएगा।

हम अजिंक्य रहाणे के फैसले को अच्छी तरह से समझते हैं: क्लॉड हेंडरसन

ESPNक्रिकइंफो के मुताबिक, लीसेस्टरशायर के डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट ने कहा कि, ‘हम अजिंक्य रहाणे की परिस्थिति को काफी अच्छी तरह से समझ रहे हैं। पिछले कुछ समय से उनका शेड्यूल काफी दबाव वाला रहा है। भारत में ही नहीं बल्कि राष्ट्रीय टीम ने जहां का भी दौरा किया है वहां अजिंक्य रहाणे भी गए हैं। हम उनसे लगातार बातचीत कर रहे हैं और जानते हैं कि कैसे क्रिकेट में परिस्थिति जल्दी बदल जाती है। हम उनकी भावना को समझते हैं और यही दुआ करते हैं कि वो एक बार लीसेस्टरशायर की ओर से जरूर खेले।’

उन्होंने आगे कहा कि, ‘अच्छी बात यह है कि हमने ऐसी परिस्थिति की पहले से योजना बनाई हुई थी और हम इस बात से खुश हैं कि पीटर हैंडस्कॉन्ब हमारी टीम के साथ जुड़े हुए हैं। वो सच में काफी अच्छे बल्लेबाज और विकेटकीपर है और एक अच्छे कप्तान भी। इससे ड्रेसिंग रूम में लुइस हिल और बाकी खिलाड़ियों को काफी मदद मिलेगी।’

close whatsapp