बांग्लादेश टेस्ट सीरीज से पहले इस गेंदबाज ने मचाई तबाही, 9 विकेट लेकर बढ़ा दी सेलेक्टर्स का टेंशन
आकाश दीप ने इंडिया बी के खिलाफ मैच में 9 विकेट लिए।
अद्यतन - Sep 8, 2024 2:46 pm

टीम इंडिया को इस महीने 19 सितंबर से बांग्लादेश के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेलनी है। इस सीरीज के लिए अभी तक स्क्वॉड का ऐलान नहीं हुआ है। ऐसे में कुछ सीनियर प्लेयर्स को छोड़कर सभी खिलाड़ी इस वक्त दलीप ट्रॉफी खेल रहे हैं। ऐसा माना जा रहा है कि दलीप ट्रॉफी का पहला राउंड खत्म होने के बाद बांग्लादेश सीरीज के लिए भारत के स्क्वॉड का ऐलान हो सकता है और जो खिलाड़ी यहां अच्छा प्रदर्शन करेंगे उन्हें टीम इंडिया में जगह मिल सकती है।
इसी बीच टीम इंडिया के तेज गेंदबाज आकाश दीप ने भारत बी के खिलाफ शानदार गेंदबाजी कर टेस्ट सीरीज के लिए अपने सेलेक्शन की दावेदारी और मजबूत किया है। उन्होंने इंडिया-B के खिलाफ उनकी दूसरी पारी के दौरान 5 विकेट चटकाए। यह उनके फर्स्ट क्लास करियर का पांचवां 5 विकेट हॉल रहा। इससे पहले वो पहली पारी में भी चार विकेट ले चुके थे। उनके इस प्रदर्शन को देखने के बाद टेस्ट सीरीज में उनकी जगह पक्की मानी जा रही है।
आकाश दीप ने दलीप ट्रॉफी में की शानदार गेंदबाजी
आकाश ने इंडिया-B की दूसरी पारी में मुशीर खान के रूप में अपनी पहली सफलता हासिल की। पहली पारी में बड़ा शतक जड़ने वाले मुशीर अपनी दूसरी पारी में खाता भी नहीं खोल सके। इसके बाद दाएं हाथ के तेज गेंदबाज ने अभिमन्यु ईश्वरन (4), वाशिंगटन सुंदर (9), साई किशोर (0) और नवदीप सैनी (13) के विकेट लिए। उन्होंने अपने 14 ओवर में 56 रन देते हुए ये 5 विकेट हासिल की।
आकाश ने इस मुकाबले में कुल 9 विकेट लिए हैं।उन्होंने इंडिया-B की पहली पारी में 27 ओवर गेंदबाजी की थी, जिसमें 60 रन देते हुए 4 सफलताएं हासिल की थी। इस बीच उन्होंने 7 ओवर मेडन भी किए थे। उन्होंने ऋषभ पंत, नितीश रेड्डी, नवदीप और यश दयाल को अपना शिकार बनाया था।
आकाश दीप ने दिसंबर 2019 में बंगाल की ओर से अपने फर्स्ट क्लास करियर की शुरुआत की थी। उन्होंने अब तक 32 प्रथम श्रेणी मैचों की 52 पारियों में 116 विकेट चटकाए हैं। इस बीच उनका बेस्ट प्रदर्शन 60 रन देते हुए 6 विकेट लेना रहा है।उन्होंने भारत की ओर से फरवरी 2024 में इंग्लैंड के खिलाफ अपना टेस्ट डेब्यू किया था। अपने इकलौते मैच में उन्होंने 3 विकेट लिए थे।