जानिए कैसा है अक्षर पटेल का व्यक्तित्व उनके पूर्व कोच की जुबानी
अक्षर पटेल को रवींद्र जडेजा के टीम इंडिया में होने या न होने से कोई फर्क नहीं पड़ता!
अद्यतन - Jul 26, 2022 4:24 pm

भारतीय ऑलराउंडर अक्षर पटेल इस समय क्रिकेट बिरादरी के बीच चर्चा का विषय बने हुए हैं, और इसका कारण वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे वनडे में उनका शानदार बल्लेबाजी प्रदर्शन है। उन्होंने अपनी इस पारी से सभी को प्रभावित कर दिया है। हालांकि, वह काफी समय से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेल रहे है, लेकिन उन्हें लगातार मौके नहीं मिल पाए। चूंकि इस समय सभी का फोकस अक्षर पटेल पर है, गुजरात और उनके पूर्व कोच विजय पटेल ने स्टार ऑलराउंडर के विनम्र व्यक्तित्व पर प्रकाश डाला।
आपको बता दें, विजय पटेल अक्षर पटेल को उनके अंडर-16 दिनों से जानते हैं, और जब वह गुजरात के कोच थे, तभी उन्होंने प्रथम श्रेणी क्रिकेट में डेब्यू किया था। इस बीच पूर्व कोच ने खुलासा किया कि एक भारतीय क्रिकेटर होने के बावजूद, अक्षर पटेल आज भी जब उनसे मिलते हैं, तो उनके साथ फर्श पर नीचे बैठते हैं।
अक्षर पटेल एक हंसमुख व्यक्तित्व का इंसान है: विजय पटेल
विजय पटेल ने टाइम्स ऑफ इंडिया के हवाले से कहा: “अक्षर का अपने क्रिकेट को लेकर ध्यान बहुत केंद्रित है, और वह मानसिक रूप से तनावमुक्त है। मैदान पर सफलता ने उनके व्यक्तित्व में कोई बदलाव नहीं किया है। वह अभी भी बहुत विनम्र है। हमने दूसरे वनडे के बाद बात की, और वह अपने प्रदर्शन से बहुत खुश था। कभी-कभी जब वह मुझसे मिलने आता है, तो वह मेरे साथ फर्श पर ही बैठ जाता है, और फिर उससे कहता हूं ‘अरे तू इंडिया प्लेयर है’ और वो मुस्कर देता है।”
अक्षर पटेल के स्वभाव पर प्रकाश डालते हुए, उनके पूर्व कोच ने कहा कि वह एक हंसमुख व्यक्तित्व का इंसान है, जो न केवल खुद जीवन का आनंद लेने में विश्वास करता है, बल्कि अपने आसपास के लोगों के मूड को भी खुश कर देता है। उन्होंने आगे बताया: “वह अपने जीवन और क्रिकेट का आनंद ले रहा है। वह बहुत खुशमिजाज इंसान है, उसकी मौजूदगी में ड्रेसिंग रूम का माहौल अलग होता है। वह अपने साथी खिलाड़ियों को आनंदित कर देता है।
रवींद्र जडेजा के साथ प्रतिस्पर्धा पर, विजय पटेल ने कहा: “कुछ समय पहले रवींद्र जडेजा के शानदार प्रदर्शन के कारण लोग अक्षर को लगभग भूल गए थे। लेकिन वे इसे लेकर बिल्कुल परेशान नहीं था, कोई दबाव महसूस नहीं कर रहा था, और मुझसे कहते रहता था, ‘चिंता मत करो सर, आगे देख लेंगे’। जडेजा के टीम में होने होने या न होने से अक्षर को कोई फर्क नहीं पड़ता, वह सिर्फ अपने प्रदर्शन पर ध्यान देते हैं।”