भारतीय ड्रेसिंग रूम में मतभेद, प्लेयर्स और गौतम गंभीर के बीच नहीं है सब कुछ ठीक
गौतम गंभीर के हेड कोच बनने के बाद से टीम इंडिया का प्रदर्शन उतना अच्छा नहीं रहा है।
अद्यतन - Feb 19, 2025 8:16 am

न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मिली करारी हार के बाद भारतीय टीम ने इंग्लैंड के खिलाफ व्हाइट बॉल सीरीज में अच्छा प्रदर्शन किया। टीम ने टी20 सीरीज में 4-1 से जीत हासिल की, जबकि वनडे में 3-0 से इंग्लैंड को धोया। हालांकि चैंपियंस ट्रॉफी के शुरू होने के कुछ घंटे पहले सामने आई एक रिपोर्ट ने सबको चौंका दिया है, रिपोर्ट में दावा किया गया है कि, भारतीय ड्रेसिंग रूम में एक बार फिर सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक भारत के स्टार क्रिकेटर ने चैंपियंस ट्रॉफी की प्लेइंग इलेवन में पहली पसंद के विकेटकीपर के रूप में उनके नाम पर विचार ना करने के लिए मुख्य कोच गौतम गंभीर को दोषी ठहराया है। टाइम्स नाऊ की रिपोर्ट में विकेटकीपर बल्लेबाज के नाम का जिक्र नहीं है और ना ही ये पता है कि वह खिलाड़ी चैंपियंस ट्रॉफी टीम का हिस्सा है। लेकिन जिस पोजिशन का उसमें जिक्र है, उस स्थान की रेस में कुछ ही खिलाड़ी मौजूद हैं।
भारतीय टीम को लेकर सामने आई चौंकाने वाली रिपोर्ट
रिपोर्ट में कहा गया, ”सूत्रों ने पुष्टि की है कि भारत का एक मौजूदा विकेटकीपर मुख्य कोच गौतम गंभीर से नाखुश है। यह खिलाड़ी मौजूदा समय में वनडे के लिए प्लेइंग इलेवन में पहली पसंद नहीं है। उन्हें लगता है कि 50 ओवर के प्रारूप में अपनी जगह खोने के पीछे कोई बाहरी कारण है।”
गौरतलब है कि, केएल राहुल, ईशान किशन, ऋषभ पंत और संजू सैमसन वनडे फॉर्मेट में बतौर विकेटकीपर बल्लेबाजी खेलते हुए नजर आए हैं। हालांकि राहुल चैंपियंस ट्रॉफी में भारत की पहली पसंद के विकेटकीपर-बल्लेबाज हैं। दाएं हाथ का यह बल्लेबाज पिछले कुछ समय से 50 ओवरों के क्रिकेट में भारत का पसंदीदा विकेटकीपर और नंबर 6 बल्लेबाज रहा है।
कोच गंभीर ने पुष्टि की है कि वह बांग्लादेश के खिलाफ चैंपियंस ट्रॉफी के पहले मैच में भारत के विकेटकीपर-बल्लेबाज के रूप में खेलेंगे। चैंपियंस ट्रॉफी के स्क्वॉड में अन्य नाम ऋषभ पंत हैं। पंत को रविवार को दुबई में अभ्यास के दौरान घुटने में चोट लग गई थी और सोमवार को भी वह लंगड़ाते हुए दिखे। भारत को उम्मीद है कि पंत की चोट गंभीर नहीं होगी, जो इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में नहीं खेल पाए थे।